-
Advertisement
शिमला की अश्वनी खड्ड में गंभीर जैविक प्रदूषण, एनजीटी ने दो सप्ताह में मांगी रिपोर्ट
Himachal News: हिमाचल की राजधानी शिमला की अश्वनी खड्ड और इसकी सहायक जलधाराओं में प्रदूषण का मामला एक बार फिर राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) पहुंच गया है। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचपीपीसीबी) की ताजा जांच रिपोर्ट में अश्वनी खड्ड के दो प्रमुख स्थानों पर गंभीर जैविक प्रदूषण के संकेत मिले हैं, जहां प्रदूषण का स्तर निर्धारित मानकों से कई गुना अधिक दर्ज किया गया है।
लिफ्ट नाले में तय सीमा से सात गुना अधिक प्रदूषण
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, काम्बरमियर स्थित लिफ्ट नाले में जैविक ऑक्सीजन मांग (बीओडी) का स्तर 22.4 मिलीग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया है। वहीं, कचरा प्रसंस्करण स्थल के निकट लिफ्ट नाले में यह स्तर 16 मिलीग्राम प्रति लीटर रहा। गौरतलब है कि स्वच्छ पानी में बीओडी की निर्धारित अधिकतम सीमा केवल 3 मिलीग्राम प्रति लीटर है। इससे स्पष्ट है कि दोनों स्थानों पर पानी में जैविक प्रदूषण बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है।
25 स्थानों से लिए गए थे पानी के नमूने
एनजीटी की प्रधान पीठ में न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव और विशेषज्ञ सदस्य डॉ. अफरोज अहमद के समक्ष बीते 25 नवंबर को इस मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 16 नवंबर की अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट पेश की।
बोर्ड ने अश्वनी खड्ड के जलग्रहण क्षेत्र में प्रदूषण के संभावित स्रोतों और सीवेज निकासी मार्गों की पहचान करने के लिए 25 स्थानों पर निगरानी की थी। 29 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच एकत्र किए गए पानी के नमूनों की जांच शिमला स्थित एनएबीएल (NABL) मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में कराई गई। रिपोर्ट के प्रमुख बिंदु इस प्रकार हैं:
23 स्थानों पर राहत: जांच किए गए 25 में से 23 स्थानों पर बीओडी का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया। इन स्थानों पर घुलित ऑक्सीजन (डीओ) का स्तर 5.8 से 8 मिलीग्राम प्रति लीटर और पीएच (pH) मान 6.98 से 8.22 के बीच दर्ज हुआ।
फीकल कोलीफॉर्म की अधिकता: कुछ स्थानों पर पानी में फीकल कोलीफॉर्म (बैक्टीरिया) की मात्रा अपेक्षाकृत अधिक पाई गई। अश्वनी खड्ड में मिलने से पहले लिफ्ट नाले में यह 920 और खड्ड में मिलने के बाद 540 एमपीएन प्रति 100 मिलीलीटर दर्ज किया गया।
एसटीपी संयंत्रों और स्लाटर हाउस की स्थिति
रिपोर्ट में शिमला के प्रमुख सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (एसटीपी) की कार्यप्रणाली का भी आकलन किया गया है। ढली, मल्याणा और लालपानी एसटीपी का प्रदर्शन बीओडी, सीओडी और टीएसएस जैसे मानकों पर सामान्यतः संतोषजनक रहा, लेकिन अधिकांश संयंत्रों में कुल नाइट्रोजन की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। इसके अलावा, कृष्णा नगर स्थित नगर निगम के स्लाटर हाउस (बूचड़खाने) से निकलने वाले अपशिष्ट जल का पीएच स्तर 9.80 दर्ज हुआ, जबकि इसकी निर्धारित सीमा 5.5 से 9 के बीच होनी चाहिए।
पंथाघाटी एसटीपी का केवल 10 प्रतिशत काम पूरा
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अपनी रिपोर्ट में निर्माण कार्यों की धीमी गति का भी उल्लेख किया है। डोगरा ब्रिज पर 3.1 एमएलडी क्षमता वाले पंथाघाटी एसटीपी का निर्माण कार्य चल रहा है। शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड (एसजेपीएनएल) के अनुसार, इस परियोजना का अब तक केवल 10 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो सका है, जबकि इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
एनजीटी के सख्त निर्देश, अगली सुनवाई 5 मार्च को
मामले की गंभीरता को देखते हुए एनजीटी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देश दिया है कि वह क्षेत्र में प्रदूषण के स्रोतों और अपशिष्ट जल निकासी मार्गों की जांच निरंतर जारी रखे। इसके साथ ही प्राधिकरण ने जल शक्ति विभाग और शिमला जल प्रबंधन निगम को सीवेज नेटवर्क तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
