-
Advertisement
हमीरपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौ#त: शरीर पर चोटों के निशान, पति पर ह#त्या का केस दर्ज
Hamirpur Crime News: पुलिस थाना सदर हमीरपुर के अंतर्गत आने वाले जंगल रोपा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान प्रेम लता के रूप में हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मृतका के पति दिनेश कुमार उर्फ लक्की के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
मारपीट के बाद अगली सुबह मृत मिली विवाहिता
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर को जंगल रोपा निवासी करतार चंद ने सदर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि 25 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे प्रेम लता जंगल की ओर से घर लौटी थी। उस समय उसके शरीर पर चोटों के निशान मौजूद थे। पूछताछ करने पर प्रेम लता ने बताया कि उसके पति दिनेश कुमार उर्फ लक्की ने उसके साथ मारपीट की है। जानकारी के मुताबिक, रात को प्रेम लता को खाना खिलाकर बिस्तर पर सुला दिया गया, लेकिन अगली सुबह वह मृत अवस्था में पाई गई। उसके शरीर पर मारपीट के काफी गंभीर निशान पाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पति द्वारा की गई बेरहमी से पिटाई के कारण ही प्रेम लता की मौत हुई है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जंगल रोपा में प्रेम लता नाम की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। एसपी ने बताया कि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित करने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट से मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
अशोक राणा
