- Advertisement -
रामपुर। भले ही देश में अनलॉक के चलते काफी चीजें खुल गई हैं, लेकिन कोरोना का खतरा कम नहीं हुआ है। इसके लिए सरकार ने जो नियम बनाए हैं उनका पालन करना अभी भी जरूरी है। ऐसे ही एक महत्वपूर्ण नियम (Important rule) का पालन ना करना उत्तर प्रदेश में एक दूल्हे को भी महंगा पड़ गया। रामपुर के जौहर अली मार्ग पर एक दूल्हे का मास्क नहीं पहनने के चलते चालान कट गया। दूल्हे ने सेहरा और नोटों की माला तो पहनी थी, लेकिन मास्क नहीं लगाया था। इसी वजह से कार में सवार दूल्हे (Groom) का चालान कट गया।
जानकारी के अनुसार रामपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चेकिंग (Checking) के दौरान जिलाधिकारी रामपुर आंजनेय कुमार सिंह जौहर अली मार्ग से होकर गुजर रहे थे, तभी वहां से गुजर रहे कार सवार दूल्हे को बिना मास्क देखकर उन्होंने कार रुकवाई। उन्होंने दूल्हे को कार से उतारकर उसका 200 रुपये का चालान काट दिया। जिलाधिकारी रामपुर ने बताया, पिछले कुछ दिनों में लगातार बढ़ रहे कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों की संख्या के चलते प्रशासन द्वारा अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। कई तरीके के नए प्रतिबंध भी लगाए गए हैं। लोगों को संक्रमण से सुरक्षा के बारे में ज्यादा से ज्यादा जागरूक करने की कोशिश की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि इन सुरक्षा उपायों में सबसे ज्यादा जरूरी है एक दूसरे से दूरी बनाना, मास्क का प्रयोग करना, चेहरे को ढकना और बिना हाथ धोए मुंह को ना छूना। इस वक्त बिना प्रशासन की इजाजत के कोई शादी नहीं कर सकता। शादी के लिए किसी को इजाजत मिलती है तो उसमें साफ तौर पर लिखा होगा कि इजाजत किन शर्तों के साथ मिली है। दुल्हन को लेने जा रहे दूल्हे ने मास्क नहीं पहना था इसलिए उसका चालान काटा गया।
- Advertisement -