-
Advertisement
मंडी में 85 लाख से नवनिर्मित भंडार में विराजे आदिदेव टुंडी वीर, देखें वीडियो
Last Updated on February 11, 2024 by Himachal Abhi Abhi
Adidev Tundi Veer: वीरेंद्र भारद्वाज/मंडी जनपद के देव बुढ़ा बिंगल के वीर माने जाने वाले देवता टुंडी वीर (Adidev Tundi Veer) लगभग 85 लाख रूपए की लागत से बने नवनिर्मित भंडार में विराजमान हो गए हैं। इस मौके पर ग्राम पंचायत कटिंढी के गांव साढला में नवनिर्मित भंडार का प्रतिष्ठा समारोह बड़े ही हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान भजन कीर्तन का दौर दो दिनों तक चलता रहा और रविवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें स्थानीय देवी देवताओं की 52 कमेटियों सहित हजारों लोगों ने देव टुंडी वीर का प्रसाद ग्रहण किया।
लोगों में देवता के प्रति गहरी आस्था
आदिदेव टुंडी वीर देवता समिति के सदस्य ने बताया कि लोगों में देवता के प्रति गहरी आस्था (Deep Faith) है जिसके चलते भंडार का कार्य पूरा हो पाया है। उन्होंने बताया कि इसके लिए किसी से मदद नहीं मांगी गई है जबकि आसपास के गांव पंचायतों से लोगों ने खुद ही इस कार्य के लिए दान दिया है। उन्होंने बताया कि देवता के भंडार का पुराने स्थान पर ही काष्ठकुणी व पत्थर के मिश्रित कलाकारी से निर्माण किया गया है। देवता कमेटी सदस्य कृष्ण चंद ने बताया कि किवदंतियों के अनुसार, एक समय में मंडी के तुंगल में एक डायन आतंक मचाती व लोगों को मारती हुई व्यास नदी को पार करते हुए द्रंग क्षेत्र की तरफ आने लगी तो आदिदेव टुंडी वीर ने उसे वहीं रोक दिया और आगे नहीं आने दिया। इसके बाद देवता की उत्पत्ति साढला गांव के एक सरोवर के निकट हुई बताई जाती है। उन्होंने बताया कि देवता सभी भक्तों की मनोकामना पूर्ण करने वाले है।
देवताओं के आशीर्वाद से हासिल किया मुकाम
वहीं, इस मौके पर द्रंग के विधायक पूर्ण चंद (MLA Puran Chand) ने भी देवता के भंडार की प्रतिष्ठा समारोह में शिरकत की व देवता के आगे शीश नवाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देव भूमि है और यहां के लोगों की देवी देवताओं के प्रति गहरी आस्था है। उन्होंने बताया कि देवी देवताओं के आशिर्वाद से ही आज वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं। विधायक पूर्ण चंद ने बताया कि उन्होंने देवता से सभी की सुख समृद्धि की कामना की।