-
Advertisement
पुलिस भर्ती परीक्षा में ग्रुप चीटिंग का आरोप, सरकार करवाएं मामले की निष्पक्ष जांच
Jairam Thakur: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पुलिस भर्ती परीक्षा प्रक्रिया में गंभीर धांधली के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा में पेपर लीक की भी प्रबल संभावना है और इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। जय राम ठाकुर ने लिखित भर्ती में हुई धांधली की उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई है। यदि सरकार जांच की स्थिति में नहीं है तो मामले की जांच सीबीआई को दे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कांग्रेस सरकार में ढाई साल में पहली बार कोई भर्ती हुई लेकिन उसमें भी नकल हुई है, ये हम नहीं बल्कि स्वयं परीक्षार्थी बोल रहे हैं।
तुरंत इस परीक्षा को रद्द किया जाए
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है, लेकिन सरकार का पूरा दबाव है कि यह फुटेज सार्वजनिक न हो। उन्होंने कहा कि एग्जामिनेशन हॉल में खुलेआम ग्रुप चीटिंग हुई है और यह एक गंभीर गैर कानूनी मामला है, जिसे सरकार नज़रअंदाज़ नहीं कर सकती। नेता विपक्ष ने आशंका जताई कि परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड नष्ट किए जा सकते हैं और सरकार इस पूरे मामले में कार्रवाई के नाम पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने मांग की कि सीएम को मामले की निष्पक्ष जांच करवानी चाहिए।
एकमात्र पुलिस भर्ती भी विवादों में
जयराम ठाकुर ने कहा कि जब उनके नेतृत्व में सरकार थी तो पांच वर्षों में 60 हजार युवाओं को नौकरियां दी गई थीं, जबकि वर्तमान सरकार की एकमात्र पुलिस भर्ती भी विवादों में घिर गई है। युवा सोशल मीडिया पर अपनी आवाज़ उठा रहे हैं लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं आई है। नेता विपक्ष ने मांग की है कि ग्रुप चीटिंग की पुष्टि होने पर तुरंत इस परीक्षा को रद्द किया जाए।
मंत्री विधायक भी सरकार से नाराज़
जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार में कैबिनेट मंत्री चंद्र कुमार के इस्तीफ़े को लेकर कहा कि सुक्खू सरकार से जनता क्या उनके मंत्री, विधायक भी नाराज़ चल रहे हैं। अब चन्द्र कुमार के इस्तीफ़े की बात उनके बेटे नीरज भारती सोशल मीडिया पर लिखते हैं। प्रदेश के खराब हालातों को देखते हुए सीएम सुखविंदर सिंह को पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है उनको इस्तीफ़ा दे देना चाहिए।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

