- Advertisement

Exclusive : हिमाचल में Congress की बनने जा रही है Advisory Council ,वरिष्ठ पार्टी जनों के अनुभवों का पार्टी उठाएगी लाभ
Himachal Congress Advisory Council : हिमाचल में कांग्रेस (Himachal Congress) हाशिए पर पडे वरिष्ठ पार्टिजनों के अनुभवों का लाभ उठाना चाहती है, इसके लिए पार्टी एक एडवाइजरी काउंसिल यानी सलाहकार परिषद (Advisory Council) का गठन करने जा रही है। इसमें उन पार्टीजनों को शामिल किया जा रहा है जो वर्षों से पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं,पर अब उनकी कोई पूछ नहीं है। इनमें वो पूर्व विधायक (Ex MLA) भी शामिल है जो उम्र के इस पड़ाव में घर बैठे हुए हैं। पार्टी उन्हें मान-सम्मान देने के लिए उन्हें एडवाइजरी काउंसिल में शामिल करने जा रही है। मकसद यही है कि वह समय-समय पर पार्टी नेतृत्व को अपने अनुभवों से सलाह देते रहें। एडवाइजरी काउंसिल में शामिल किए जाने वाले वरिष्ठ पार्टी जनों की सूची भी अनुमोदन के लिए पार्टी हाईकमान के सुपुर्द कर दी गई है। माना जा रहा है कि हफ्ते भर के भीतर इस पर मुहर लग जाएगी।
सचिव व प्रवक्ताओं की भी होने जा रही है तैनाती
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने बीते सप्ताह ही पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल (KC Venugopal) व प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल (Rajani Patil) के साथ बैठक की थी। बैठक में संगठन विस्तार पर चर्चा हुई। इसी बैठक में हाईकमान ने नए पदाधिकारियों की नियुक्ति को हरी झंडी दे दी थी। इसके तहत ही अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सचिव व प्रवक्ताओं की नियुक्ति होने जा रही है। एडवाइजरी काउंसिल के साथ-साथ ही सचिव व प्रवक्ताओं की भी तैनाती की अधिसूचना जारी हो जाएगी। दरअसल पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार (Vinay Kumar) चाहते हैं कि संगठन में सक्रिय रूप से काम कर चुके नेताओं को सरकार में ओहदा मिले, या फिर ऐसे विधानसभा क्षेत्र जहाँ से कांग्रेस का विधायक नहीं है वहां पर प्रतिनिधित्व मिले। बैठक में विनय कुमार ने हाईकमान के समक्ष कांग्रेस के संगठन विस्तार कार्यक्रम, जिला व ब्लॉक स्तर पर किए जा रहे कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। हाईकमान ने जो कार्यक्रम तय किए हैं उनके तहत हिमाचल कांग्रेस कैसे कार्य कर रही है, के बारे में भी बताया।
-पंकज शर्मा

