-
Advertisement

अपना भ्रष्टाचार छुपाने को अग्निपथ योजना पर हो हल्ला कर रही कांग्रेस- बोले अनुराग
ऊना। केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शुक्रवार सुबह माता चिंतपूर्णी के मंदिर में शीश नवाया और विधिवत पूजा अर्चना की। जिसके बाद उन्होंने गगरेट विधानसभा क्षेत्र के दौलतपुर चौक पहुंचकर सबसे पहले महिला मोर्चा के साथ टिफिन मीटिंग की। इस दौरान जहां उन्होंने पार्टी महिला कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा की, वहीं उन्हें आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रदान की। इसके बाद अनुराग ठाकुर ने पार्टी के ही विभिन्न मोर्चो और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर पार्टी की रणनीतियों का खुलासा किया। वहीं विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश और केंद्र सरकारों द्वारा प्रायोजित विकास कार्यों का फीडबैक भी लिया। इस मौके पर उन्होंने अग्निपथ योजना पर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे शोर-शराबे को केवल मात्र कांग्रेस हाईकमान के भ्रष्टाचार से ध्यान भटकाने का प्रयास करार दिया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल को सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए खून का एक-एक कतरा लगा देंगे
सृष्टि स्तिथि विनाशानां शक्तिभूते सनातनि ।⁰गुणाश्रेय गुणमये नारायणि नमो स्तुते ॥
51 शक्तिपीठों में से चिंतपूर्णी देवी धाम में माँ छिन्नमस्तिका की आराधना व कन्यापूजन कर सर्वकल्याण की कामना की।
जय माता दी 🙏🏻 pic.twitter.com/euA5A1mRsW
— Anurag Thakur (@ianuragthakur) June 17, 2022
चुनाव में बीजेपी फिर से सत्ता पर काबिज होगी
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है, इन योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचे इसके लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा की जा रही है। वहीँ उन्होंने कहा कि इस साल हिमाचल प्रदेश में होने वाले चुनाव में बीजेपी फिर से सत्ता पर काबिज होगी। वहीं कांग्रेस द्वारा अग्निपथ योजना का विरोध किए जाने के सवाल का जवाब देते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस जनता को हाईकमान द्वारा किए गए भ्रष्टाचार का जवाब देने से बच रही है। एक तरफ ईडी और पूरा देश नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस के नेताओं की जुबानी सच्चाई सुनना चाहता है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के तमाम नेता और कार्यकर्ता भ्रष्टाचार की सच्चाई को छुपाने के लिए देशभर में अराजकता का माहौल खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना के तहत जहां 4 साल में साढे 17 वर्ष की आयु से लेकर साढे 21 वर्ष तक युवाओं को लाखों रुपए वेतन के रूप में मिलेंगे। वहीं रिटायरमेंट के समय अलग से लाखों रुपए का भुगतान उन्हें किया जाएगा जबकि इस चार साल के अरसे के दौरान दसवीं पास युवाओं को + 2 का सर्टिफिकेट और जमा दो पास युवाओं को स्नातक तक की डिग्री हासिल करने का मौका रहेगा। उन्होंने कहा कि लंबे विचार विमर्श के बाद ही सरकार द्वारा इस योजना को अमलीजामा पहनाया गया है।
देश की रक्षा-सुरक्षा में भारतीय सेना का योगदान अतुलनीय है।भारत सरकार की अग्निवीर योजना हमारे युवाओं को सेना के माध्यम से देशसेवा करने व उन्हें रोज़गार-स्किल के अवसर उपलब्ध कराने का अभिनव प्रयास है।
अपने संसदीय क्षेत्र में सैन्य सेवा अभ्यर्थियों की अग्निवीर से जुड़ी… pic.twitter.com/LJG6b2VbTV
— Anurag Thakur (@ianuragthakur) June 17, 2022
कांग्रेस के पीएम 10 साल में भी नहीं आते थे हिमाचल
पीएम मोदी के हिमाचल प्रदेश में हो रहे लगातार दौरे को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे कटाक्ष का जवाब देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि एक समय था जब कांग्रेस के पीएम लगातार 10 साल देश पर शासन करने के बावजूद हिमाचल नहीं आते थे। लेकिन अब जब देश का सर्वोच्च नेता हिमाचल आ रहा है और हिमाचल वासियों को खुलकर सहयोग भी दे रहा है, तो कांग्रेस को इसमें क्या आपत्ति है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के नेता सच्चे हैं तो वह जनता को बताने का कष्ट करें कि हिमाचल प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा किसने दिया और किससे छीना, हिमाचल को विशेष औद्योगिक पैकेज किसने दिया और किसने छीना।