-
Advertisement

पहाड़ों में पाई जाती है बिच्छू बूटी, फायदे जानकर रह जाएंगे दंग
दुनिया में कई ऐसे पेड़-पौधे हैं, जिनके बहुत सारे फायदे होते हैं। बात अगर करें बिच्छू बूटी (Stinging Nettle) की तो बिच्छू बूटी के बारे में सबने सुना होगा। अक्सर इस बूटी को छूने पर ऐसा लगता है जैसे किसी बिच्छू ने काट लिया हो, लेकिन इसके गुणों के बारे में शायद ही कोई जानता होगा।
यह भी पढ़ें:छेड़ने पर इस पौधे को आता है गुस्सा, मिसाइल छोड़ कर लेता है बदला, यहां देखें वीडियो
बिच्छू बूटी को पहाड़ों में कुंगसी घास के नाम से जाना जाता है। बिच्छू बूटी का वैज्ञानिक नाम Urtica dioica है। हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों में बिच्छू बूटी के पौधे अपने आप पैदा होते हैं। जबकि, उत्तरी अमेरिका, अफ्रीका, यूरोप और एशिया में इसकी खेती की जाती है। बिच्छू बूटी एक औषधीय पौधा है, जिसमें आयरन (Iron) होता है। बिच्छू बूटी का पहाड़ों में इस्तेमाल शरीर के किसी अंग में मोच आने पर किया जाता है। कहीं भी मोच आने पर नमक और बिच्छू बूटी को पीसकर उसकी लेप करने से मोच खत्म हो जाती है और हड्डी की तकलीफ भी ठीक हो जाती है।
वहीं, पहाड़ों में लोग बिच्छू बूटी की सब्जी बनाकर भी खाते हैं। इस सब्जी को साग की तरह की बनाया जाता है। बताया जाता है कि बिच्छू बूटी की सब्जी बहुत स्वादिष्ट होती है, लेकिन इस सब्जी को बनाने की प्रक्रिया थोड़ी मुश्किल होती है। इस सब्जी को हाथ से नहीं निकाला जाता है। इस सब्जी को चिमटे की मदद से निकाला जाता है और चिमटे की मदद से ही धोया और काटा जाता है।
कहा जाता है कि ये सब्जी खून साफ करती है और सर्दियों में इस सब्जी को खाने से आदमी को ठंड भी नहीं लगती है। ये सब्जी शरीर को गर्म रखती है। इस सब्जी को खासकर चिल्लड़ु और भटूरे के साथ खाया जाता है। ज्यादातर लोग इस सब्जी को घी और मक्खन के साथ खाते हैं।
जानकारी के अनुसार, पहाड़ों में काफी समय से बिच्छू बूटी का इस्तेमाल हो रहा है। बताया जाता है कि ठंड के मौसम में बर्फ पड़ने पर कोई सब्जी नहीं मिलती थी, जिसके चलते लोग बिच्छू बूटी की सब्जी बनाकर खाया करते थे। बिच्छू बूटी की सब्जी को खासकर लोहे की कढ़ाई में बनाया जाता है।
बिच्छू बूटी के फायदे
बिच्छू बूटी पेट की समस्या को दूर करती है और हड्डियों को भी मजबूत करती है। बिच्छू बूटी बीपी कंट्रोल करने और हार्ट के लिए भी बहुत अच्छी होती है। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं के लिए भी बिच्छू बूटी की सब्जी बहुत लाभदायक होती है। इस सब्जी का सेवन करने से स्तनपान कराने वाली महिलाओं में दूध ज्यादा बनता है। वहीं, बिच्छू बूटी में विटामिन सी और आयरन की मात्रा बहुत अधिक होती है, जो शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होती है और ये एनीमिया (Anaemia) और थकान को भी दूर करती है।