-
Advertisement
चंबा के भरमौर व पांगीं में ग्लेशियर गिरने से दुकानें व वाहन दबे, सड़कें -बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों पर बीती रात में बर्फबारी और निचले इलाकों में अच्छी बारिश हुई। चंबा के भरमौर में भारी बर्फबारी के बाद दो जगह ग्लेशियर गिरने से काफी नुकसान हुआ। पूलन पंचायत स्थित ओट नाला में ग्लेशियर गिरा। इसकी चपेट में दो पिकअप गाड़ियां और तीन दुकानें आ गई। इस घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल हैउधर पांगी की मिंधल पंचायत के सुखाई नाला में भी ग्लेशियर गिरा, लेकिन यहां किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ।
बारिश-बर्फबारी के चलते सैलानी फंसे
वहीं स्पीति में रात को बर्फीला तूफान (स्नोस्टॉर्म) चला। चंबा, लाहौल स्पीति और कुल्लू के दुर्गम क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ है। ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर को छोड़कर अन्य सभी 9 जिलों के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फ गिरी है। मशहूर पर्यटन स्थल मनाली व भरमौर में 1.5 फुट ताजा फ्रैश स्नोफॉल हुआ।मौसम को देखते हुए लाहौल-स्पीति जिला, मनाली-बंजार उपमंडल और कुल्लू के 13 स्कूलों में आज भी अवकाश है। बारिश-बर्फबारी के चलते मनाली में अभी भी सैलानी फंसे हुए हैं। शिमला, कुल्लू, लाहौल स्पीति और चंबा समेत अन्य जिलों में करीब 500 सड़कें अभी भी बाधित हैं। इसी तरह, 3200 से अधिक बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप हो गए हैं। इससे सैकड़ों गांव अंधेरे में डूब गए है। इनमें 1500 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर बीते छह दिन से बंद है। राहत की बात यह है कि आज धूप खिलते ही सड़कों से बर्फ हटाने का काम शुरू हो गया है।

