-
Advertisement
मनीषा मित्तल ह#त्याकांड के दोनों शूटर 7 दिन के पुलिस रिमांड पर, पूछताछ में अब होंगे बड़े खुलासे
Manisha Mittal Murder Case: शिमला के संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार किए गए दोनों शूटरों आशीष अहलावत (22) निवासी दुजाना, झज्जर और दीपक (25) निवासी सुनियारा खल फैसी, रोहतक शिमला लेकर आई। इसके बाद उन्हें शिमला के चक्कर कोर्ट में पेश किया गया। अब कोर्ट ने उन्हें 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
15-20 लोगों से भी पूछताछ कर ली है
उधर पुलिस ने मनीषा मित्तल के भाई, पति और भाई के पार्टनर सहित 15-20 लोगों से भी पूछताछ कर ली है। रिमांड के दौरान शिमला पुलिस इन दोनों शूटरों से यह उगलवाने का प्रयास करेगी कि आखिर इस मनीषा मित्तल हत्याकांड के पीछे ‘मास्टरमाइंड’ कौन है । दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो पिस्तौलें भी बरामद कर ली हैं।
फर्जी नंबर प्लेट और लिंक रोड का इस्तेमाल
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हत्या के इरादे से हरियाणा से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में शिमला पहुंचे थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने अपनी कार पर हिमाचल का फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर (HP-10 सीरीज) लगाया था और वारदात के वक्त मास्क से अपना चेहरा ढका हुआ था। शनिवार शाम 6 बजे स्कूल गेट पर हत्या को अंजाम देने के बाद, दोनों मुख्य सड़क के बजाय लिंक रोड का इस्तेमाल कर फरार हो गए। हालांकि, शिमला पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर वाहन को ट्रेस कर लिया और आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। आशीष के खिलाफ अवैध वसूली और दीपक पर आर्म्स एक्ट के तहत पहले से 3 मामले दर्ज हैं।
सिर में दागी गई थीं तीन गोलियां
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह खौफनाक खुलासा हुआ है कि नकाबपोश हमलावरों ने मनीषा मित्तल के सिर को निशाना बनाकर तीन गोलियां दागी थीं। इनमें से दो गोलियां सिर के आर-पार निकल गईं, जबकि एक गोली सिर के अंदर ही फंसी रह गई।
हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद का अंदेशा?
इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में पारिवारिक रंजिश का एंगल सबसे प्रमुखता से सामने आ रहा है। मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली मनीषा (42) अपनी 17 वर्षीय बेटी के साथ शिमला में रह रही थीं। मनीषा का अपने भाई हिमांक मित्तल के साथ स्कूल को लेकर गहरा विवाद चल रहा था। हत्या से पहले मनीषा का एक पुराना वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वह दावा कर रही हैं कि उनका भाई उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहा है। मनीषा की शादी 18 साल पहले रेवाड़ी के सिविल अस्पताल में कार्यरत डॉ. सुभाष यादव से हुई थी। फिलहाल पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था और रेवाड़ी की फैमिली कोर्ट में केस विचाराधीन है।
संजू चौधरी

