- Advertisement -
शिमला। हिमाचल में शहरी निकाय में किसके सिर ताज सजेगा इसका खुलासा आज हो जाएगा। हिमाचल की 61 नगर परिषद (Nagar Parishad) और नगर पंचायत (Nagar Panchayat) में सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। अगर 12 बजे की अपडेट की बात करें तो 50 नगर परिषद और नगर पंचायत में 22 फीसदी के करीब मतदान (Voting) हो चुका था। कुल 416 वार्डों में से 401 में मतदान चला है। राज्य निर्वाचन अधिकारी संजीव महाजन ने बताया कि करसोग के वार्ड नंबर 7 में नगर पंचायत में शामिल होने के विरोध में चुनाव बहिष्कार किया गया है और विरोध में किसी ने नामांकन नहीं भरा है।
नेरचौक के एक वार्ड में भी 3 लोगों ने नामांकन भरा था, लेकिन शहरी निकाय में क्षेत्र को मिलने का विरोध किया जा रहा है, जिसके बाद यहां भी चुनाव बहिष्कार किया और नामांकन वापस ले लिया। इसके अलावा 13 सदस्य प्रदेश भर से निर्विरोध चुनकर आए हैं। इनमें शिमला (Shimla) जिला से 9 (नारकंड़ा से 4, रोहड़ू-2, चौपाल-2, ठियोग-1), ऊना (Una) जिला से 2 (दौलतपुर-1, गगरेट-1), कांगड़ा (Kangra) से एक (कांगड़ा नगर परिषद का वार्ड नंबर 9) और सोलन से भी एक (नालागढ़) शामिल हैं। प्रदेश के 441 पोलिंग स्टेशन पर मतदान हो रहा है। नगर निकाय के लिए कुल 3 लाख 10 हज़ार 730 मतदाता मतदान करेंगे।
- Advertisement -