-
Advertisement
मौ#त के मुंह से निकले यात्री, चंबा में ड्राइवर के एक फैसले ने बचा लीं 6 जिंदगियां
Himachal News: चंबा अंतर्गत उपमंडल चुराह के तरैला क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पहाड़ी रास्ते पर एक टाटा सूमो गाड़ी (HP 01 H 1731) के अचानक ब्रेक फेल होने से चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। हालांकि, खाई की तरफ जाने के बजाय चालक ने अदम्य साहस और त्वरित सूझबूझ का परिचय देते हुए गाड़ी को सड़क किनारे पहाड़ी के एक बड़े पत्थर से टकरा दिया। अगर चालक समय रहते यह साहसिक फैसला न लेता, तो गाड़ी सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर सकती थी। इस सूझबूझ से वाहन में सवार सभी यात्रियों की जान तो बच गई, लेकिन हादसे में चालक समेत कुल 6 लोग घायल हुए हैं।
ब्रेक फेल होते ही लिया त्वरित फैसला
घटना के वक्त टाटा सूमो पहाड़ी रास्ते से गुजर रही थी। तरैला के समीप अचानक गाड़ी की ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। चालक जयदयाल ने गाड़ी को पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया और गाड़ी एक बड़े पत्थर से टकराकर रुक गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि गाड़ी थोड़ी भी आगे निकल जाती तो सीधा खाई में जा गिरती। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, प्रशासन और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
हादसे में 6 घायल , पुलिस कर रही जांच
हादसे में घायल सभी 6 लोगों को तुरंत पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा पहुंचाया गया। जहां से मान सिंह ( पुत्र भागीरथ, निवासी गांव धटी, डाकघर बुंदेडी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए टांडा (कांगड़ा) रेफर किया गया।इसके अलावा जयदयाल (चालक) पुत्र भगत राम, निवासी गांव गगेई, डाकघर बुंदेडी, दिपिका पत्नी ठाकुर लाल, निवासी बुंदेडी, ममता पत्नी गोविंद सिंह, निवासी गांव संलाचा, डाकघर भजराड़ू, आर्यन पुत्र ममता एवं गोविंद सिंह व सुंदरू पत्नी बलदेव, निवासी VPO बुंदेडी भी घायल है। घटना के बाद स्थानीय पटवारी (तरैला तहसील, चुराह) ने मौके की रिपोर्ट तैयार कर आगामी प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रविंद्र चौधरी
