-
Advertisement
CBI का शिकंजा : ‘मुन्नाभाई’ बिठाकर बने बैंक अधिकारी, बायोमीट्रिक जांच में खुला फर्जीवाड़ा
Himachal News: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) थाना शिमला ने हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक में फर्जी तरीके से ऑफिस असिस्टेंट (मल्टीपर्पस) की नौकरी हासिल करने के आरोप में दो कर्मचारियों और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं और उन पर अपनी जगह ‘स्कॉलर’ (फर्जी उम्मीदवार) बिठाकर IBPS की भर्ती परीक्षा पास करने का आरोप है।
आरोपियों की पहचान रविंद्र मीणा निवासी गांव व डाकघर टोडूपुरा, तहसील हिंडौन सिटी, जिला करौली (राजस्थान) तैनाती: बगस्याड़ शाखा, जिला मंडी।
जितेंद्र कुमार मीणा: निवासी गांव व डाकघर सुंदरी, तहसील बामनवास, जिला सवाई माधोपुर (राजस्थान)। तैनाती: पांगणा शाखा, जिला मंडी।
ऐसे खुला फर्जीवाड़े का राज
रविंद्र मीणा (IBPS-2023): 12 फरवरी 2024 को नौकरी जॉइन की। बाद में IBPS द्वारा कराए गए बायोमीट्रिक पुन: सत्यापन (Re-verification) के दौरान उसका बायोमीट्रिक रिकॉर्ड, फोटो और दस्तावेज प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा के समय दर्ज डेटा से मेल नहीं खाए।
जितेंद्र कुमार मीणा (IBPS-2022): 1 जुलाई 2023 को बैंक में सेवा शुरू की। जांच के अनुसार, इसने भी परीक्षा में अपनी जगह किसी अन्य फर्जी व्यक्ति (इम्पोस्टर) को बैठाकर प्रोविजनल चयन हासिल किया था।
वेतन उठाया और बैंक से ही ले लिया लोन
रविंद्र मीणा तीन फरवरी 2026 तक सेवा में रहा। इस दौरान उसे वेतन और अन्य भत्तों के रूप में करीब 11.10 लाख रुपये मिले। उसने बैंक से तीन लाख रुपये का ऋण भी लिया, जिसमें से करीब 2.28 लाख रुपये बकाया बताया है।जितेंद्र कुमार भी तीन फरवरी 2026 तक बैंक की सेवा में रहा। उसे वेतन व अन्य भत्तों के रूप में करीब 14.46 लाख रुपये मिले। उसके नाम पर पांच लाख और तीन लाख रुपये के दो ऋण भी होने का उल्लेख एफआइआर में है। इन ऋण में करीब 7.45 लाख रुपये बकाया रहने की बात कही है।
जांच के दायरे में आए परीक्षा केंद्र
सीबीआई की एफआईआर में बिलासपुर स्थित शिवा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (चांदपुर) और सोलन स्थित एलआर इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (ओच्छघाट) परीक्षा केंद्रों का भी जिक्र है। सीबीआई अब इस भर्ती घोटाले में शामिल अन्य अज्ञात अधिकारियों व गिरोह के सदस्यों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
अनु गुप्ता
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
