- Advertisement -
चंबा। हिमाचल के चंबा (Chamba) जिला के साहो को जल्द ही उप तहसील (Sub-Tehsil) मिलेगी। इसकी जल्द ही अधिससूचना जारी की जाएगी। यह बात सोमवार को सीएम जयराम ठाकुर ने साहो में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि साहो में उप तहसील ही नही बल्कि यहां लोगों की सुविधा के लिए एक पार्किंग का भी निर्माण किया जाएगा। जय राम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने चंबा जिले को आकांक्षी जिला घोषित किया हैए ताकि जिले की विकासात्मक आवश्यकताओं के लिए अतिरिक्त धनराशि सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) को प्रदेश और प्रदेशवासियों के प्रति विशेष लगाव है और गत साढ़े चार वर्षों के दौरान वह राज्य का सात बार दौरा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि गत दिवस मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने चंबा के मिंजर मेले का विशेष उल्लेख किया।
वहीं उन्होंने विपक्ष पर भी हमला किया। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने कहा कि देश के लोगों ने कांग्रेस पार्टी को पूर्णता से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में चार राज्यों में हुए चुनावों में बीजेपी (BJP) ने चारों राज्यों में जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता भी कांग्रेस पार्टी को पूरी तरह से नकार देगी। उन्होंने प्रदेश के आर्थिक संकट के लिए पूर्व की कांग्रेस सरकारों पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के आर्थिक संकट का मूल कारण पिछली सरकार द्वारा अविवेकपूर्ण किए गए व्यय और अनियोजित विकास है।
इससे पहले सीएम जयराम ठाकुर ने चंबा जिला में निर्माणाधीन पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय चंबा (Government Medical College Chamba) का दौरा किया और इस महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। सीएम जयराम ने निष्पादन एंजेसियों को इस परियोजना का निर्माण समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस चिकित्सा महाविद्यालय का निर्माण 507.60 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को इस परियोजना के प्रथम चरण को इस वर्ष सितंबर माह तक पूरा करने के निर्देश दिए।
- Advertisement -