-
Advertisement
हिमाचल उपचुनाव: CM जयराम का आशा कुमारी पर पलटवार, जमानती लोग बड़ी-बड़ी बातें कह रहे हैं
मंडी। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jairam Thakur) ने बरयारा में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक आशा कुमारी (Congress MLA Asha Kumari) द्वारा दिए गए बयान पर पटलवार किया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि जमानत पर चल रहे नेता बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की विधायक मंडी में पत्रकार वार्ता करके हमपर आरोप लगा रही हैं। हमने नारी शक्ति को कमजोर और मजबूर बताया है, जबकि खुद प्रतिभा सिंह ने अपने संबोधन में इस बात को कहा है कि उन्हें चुनाव में जबरन धकेला गया है और वे मजबूरी में चुनाव लड़ रही हैं।
यह भी पढ़ें: उपचुनावः बिक्रम का तंज- खुद को बड़ा नेता समझते हैं भवानी, पोस्टरों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नदारद
किसे कहा रावण
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने कभी नारी शक्ति को कमजोर नहीं माना है। मंडी को आज एक मजबूत प्रत्याशी की जरूरत है जोकि ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर के रूप में जनता को मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि आशा कुमारी रावण का उदाहरण देकर गई हैं, लेकिन वे बताएं कि उन्होंने रावण का उदाहरण किस संदर्भ में और किसके लिए दिया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि जो जमानत पर चल रहे हैं वे आजकल मंडी आकर बड़ी बड़ी बातें कर रहे हैं।
गंदी राजनीति को रोकने का किया काम
सीएम ने कहा कि उन्होंने बीते चार वर्षों में राजनीति में आई गंदगी को रोकने का कार्य किया है। राजनीति में शब्दों, टोपी, जाति और क्षेत्र को लेकर जो बातें होती थीं। उनपर विराम लगाने की कोशिश की है। इन उपचुनावों में भी तय किया है कि किसी के खिलाफ व्यक्तिगत तौर पर कुछ नहीं बोलेंगे। अगर किसी ने उनके खिलाफ बोला तो फिर उन्हें सुनना भारी पड़ जाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने कभी भी बदले की भावना से काम नहीं किया है और ना ही कभी करेंगे। इस तरह के कार्यों में ध्यान लगाने से बेहतर विकास की तरफ ध्यान दिया है। प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जा रहे हैं।
नजर नहीं आए सीएम के बागी विधायक
सीएम जयराम ठाकुर के सदर क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान सदर से बीजेपी के बागी विधायक अनिल शर्मा नजर नहीं आए। मिली जानकारी के अनुसार अनिल शर्मा को साथ चलने के लिए बीजेपी नेताओं ने काफी कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। वहीं, दूसरी तरफ सीएम ने भी सदर दौरे के दौरान अनिल शर्मा का अपने भाषणों में जिक्र नहीं किया।
हिमाचल उपचुनाव: कांग्रेस ने दिखाया राजिंदर ठाकुर को बाहर का रास्ता, 6 साल के लिए निष्कासित


