-
Advertisement
ईमान तो बेच चुके हैं सभी बागी, अब जनता के बीच जाने की बारी
CM Sukhu: शिमला। हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhvinder Singh Sukhu) ने मंगलवार को अपने समर्थकों संग शिमला में अपना 60वां जन्मदिन (Birthday) मनाया। इस मौके पर सीएम सुक्खू ने बीजेपी में शामिल हुए कांग्रेस के बागियों (Rebels) पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘एक महीने से सभी बागी बाहर हैं, वो सभी आराम से घर आएं। अपना ईमान (Honor) तो सभी बेच चुके हैं। अब जनता के बीच जाने की बारी है।’
कांग्रेस पार्टी महिलाओं को सम्मान देने वाली पार्टी
वहीं, सुप्रिया श्रीनेत की कंगना रनौत (Kangana Ranaut) को लेकर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी वाले मामले पर सीएम सुक्खू ने कहा कि कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश की बेटी हैं उनके पिता को कांग्रेस ने मंडी में अपना जनरल सेक्रेटरी बनाया था। कांग्रेस पार्टी महिलाओं को सम्मान देने वाली पार्टी है। महिलाओं को सम्मान देने के लिए प्रदेश सरकार कई योजनाएं लेकर आई है।

आया राम गया राम वाली राजनीति का जवाब देगी जनता
विपक्ष को नसीहत देते हुए सीएम ने कहा कि बीजेपी प्रदेश में लोकतंत्र (Democracy) की हत्या करना बंद करें। विधायकों की खरीद फरोख्त करना बंद करें। उन्होंने कहा कि एक अप्रैल से वह प्रदेश में अपना प्रवास शुरू करेंगे और मैदान-ए-जंग में विपक्ष को जवाब देंगे। सीएम ने कहा प्रदेश की जनता लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली है। जनता 4 जून को प्रदेश में आया राम गया राम वाली राजनीति का जवाब देगी।

हिमाचल को आत्मनिर्भर राज्य बनाना हमारा सपना
सीएम ने कहा कि उनका सपना है कि वर्ष 2027 तक प्रदेश को आत्मनिर्भर राज्य बनाया जा सके। साल 2032 तक सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश को देश का सबसे समृद्धशाली राज्य बनाया जा सके और उनकी सरकार इस दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जीवन भर चुनौतियों का सामना किया है। आपदा की चुनौती का सामना किया अब राजनीतिक चुनौती का भी सामना कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि पहले बजट में प्रदेश के बेसहारा बच्चों को सहारा मिला और दूसरे बजट में विधवाओं के बच्चों को सहारा दिया।

