-
Advertisement
प्रभावितों तक मदद पहुंचा रही सरकार, आपदा में राजनीति से ऊपर उठकर काम करने की ज़रूरत
CM Sukhu: हिमाचल प्रदेश में मॉनसून के दौरान बारिश ने भारी तबाही मचाई है। राज्य सरकार को अब तक करीब एक हज़ार करोड़ रुपए का नुक़सान हो चुका है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार तेज़ी से पुनर्वास के काम में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सबसे ज़्यादा नुक़सान जिला मंडी में हुआ है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का गृह विधानसभा क्षेत्र सराज सबसे ज़्यादा प्रभावित है। सीएम ने कहा कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश का पक्ष केंद्र सरकार के सामने रखा है और विशेष राहत पैकेज की मांग उठायी है। सीएम ने कहा कि आपदा के इस वक़्त में राजनीति से ऊपर उठकर प्रभावितों तक मदद पहुंचाने की ज़रूरत है।
अमित शाह से हिमाचल आ कर जायजा लेने का आग्रह
सीएम सुक्खू ने कहा कि दिल्ली में उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों से मुलाक़ात कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी हिमाचल में प्रभावित इलाक़े में पहुंचकर ख़ुद की स्थिति का जायज़ा लेने का आग्रह किया। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के लिए आपदा राहत पैकेज की भी मांग की गई है। इसी तरह केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन से भी मुख्यमंत्री ने कर्ज़ की सीमा बढ़ाने का अनुरोध किया है। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावितों तक हर संभव मदद पहुंचा रही है। प्रभावितों को मदद पहुंचाने में किसी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही।

जाखू मंदिर में 108 फीट ऊंचा ध्वज स्थापित किया
इससे पहले सीएम सुक्खू ने जाखू मंदिर में भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उनके साथ उनकी पत्नी और देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर भी मौजूद रहीं। इस माैके पर मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई। सीएम ने मंदिर परिसर में 108 फीट ऊंचा एक भव्य ध्वज (झंडा) भी स्थापित किया, जो अब इस पावन स्थल की आभा को और भी भव्य बना रहा है। सीएम ने कहा कि जाखू मंदिर आस्था, ऊर्जा और शक्ति का प्रतीक है, और यहां आकर उन्हें हर बार एक नई सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन को इसके बेहतर रख-रखाव और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
संजू चौधरी

