-
Advertisement
सीएम सुक्खू का पहाड़ी राज्यों के लिए निर्धारित वार्षिक आवंटन के साथ अलग ‘हरित कोष’ बनाने का आग्रह
CM Sukhu: सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ अरविंद पनगड़िया से मुलाकात की और राज्य की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने के लिए वित्त आयोग से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजकोषीय विवेक का मार्ग अपना रही है और सतत विकास लक्ष्यों सहित विभिन्न मानदंडों पर देश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों में से एक है। उन्होंने आयोग से राज्य की वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी सिफारिशों में राज्य का समर्थन करने का आग्रह किया।
पहाड़ी राज्यों का व्यय अन्य राज्यों की तुलना में अधिक
सीएम ने कहा कि पहाड़ी राज्यों का व्यय अन्य राज्यों की तुलना में बहुत अधिक है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्यों को उनकी जनसंख्या के अनुपात से कम से कम दोगुना अनुदान दिया जाना चाहिए। उन्होंने भौगोलिक कमियों और राजस्व जुटाने की सीमित संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) को जारी रखने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि 15वें वित्त आयोग द्वारा आरडीजी में भारी कटौती के कारण राज्य वित्तीय संकट का सामना कर रहा है।उन्होंने पहाड़ी राज्यों के लिए वार्षिक आवंटन के साथ एक अलग ‘ग्रीन फंड’ बनाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री के साथ भी चर्चा हुई है।
हर संभव सहायता का आश्वासन
सीएम सुक्खू ने उन्हें आपदा प्रबंधन, ऋण-जाल से मुक्ति, स्थानीय निकायों को अनुदान और राज्य-विशिष्ट अनुदानों के लिए राज्य द्वारा दिए गए सुझावों से भी अवगत कराया। उन्होंने सुझावों को अनुशंसित रूप से स्वीकार करने का आग्रह किया। डॉ. अरविंद पनगड़िया ने राज्य को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और सीएम के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह साथ थे।
पंकज शर्मा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

