-
Advertisement
गोहर में पालमपुर के छात्र की संदिग्ध मौ#त, कमरे से मिले इंजेक्शन और नशीली दवाइयां
Mandi News: मंडी जिले के गोहर उपमंडल के नेहरा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत गणई में एक 25 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत से पूरे इलाके में सनसनी और मातम का माहौल है। मृतक की पहचान कांगड़ा जिले के पालमपुर (गांव व डाकघर सुंगल) निवासी देवन ठाकुर (पुत्र कुलदीप ठाकुर) के रूप में हुई है। देवन औद्योगिकी एवं वानिकी महाविद्यालय थुनाग, स्थित गोहर (गुड़ाहरी) में अंतिम वर्ष का छात्र था और फरवरी माह से गणई में एक निजी मकान में किराए पर अकेला रह रहा था।
मां के फोन से हुआ अनहोनी का खुलासा
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह देवन की माता ने उसके मकान मालिक को फोन कर चिंता जताई कि उनका बेटा फोन नहीं उठा रहा है। उन्होंने मकान मालिक से कमरे में जाकर उसकी कुशलक्षेम जांचने का आग्रह किया। मकान मालिक ने जब कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद जब दरवाजे को जोर से हिलाकर खोला गया, तो अंदर देवन ठाकुर मृत अवस्था में पड़ा मिला।
कमरे से मिले इंजेक्शन, नशे के ओवरडोज का शक
इस दुखद घटना में एक चौंकाने वाला पहलू भी सामने आया है। पुलिस जांच के दौरान युवक के कमरे से कुछ इंजेक्शन और नशीली दवाइयां बरामद हुई हैं। इन संदिग्ध वस्तुओं के मिलने से प्रथम दृष्टया यह अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक की मौत संभवतः नशे के ओवरडोज (Overdose) के कारण हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।
घर का बुझ गया इकलौता चिराग
देवन ठाकुर की मौत की खबर से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। देवन अपने घर का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन है जिसकी शादी हो चुकी है। बुढ़ापे के सहारे के यूं अचानक चले जाने से परिवार सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही गोहर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल पर औद्योगिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के डीन पी.एल. शर्मा सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी पहुंचे।
क्या बोले एसपी मंडी विनोद
एसपी मंडी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा, इसलिए फिलहाल किसी भी तरह की अटकलें लगाना जल्दबाजी होगी।
संजीव कुमार

