-
Advertisement
केंद्र से हिमाचल को बड़ी राहत: 2023 में आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए मिले 2006.40 करोड़ रुपये
Himachal News: हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2023 में बाढ़, भूस्खलन, बादल फटने की घटनाओं में हुए नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार ने 2006.40 करोड़ रुपए की सहायता राशि मंजूर की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति ने आज 2006.40 करोड़ रुपए की धनराशि को मंजूरी दी। वित्त मंत्री, कृषि मंत्री और नीति आयोग के उपाध्यक्ष की सदस्यता वाली समिति ने एनडीआरएफ के तहत रिकवरी और पुनर्निर्माण योजना से हिमाचल को वित्तीय सहायता के प्रस्ताव पर विचार किया।

बुनियादी ढांचे को दोबारा खड़ा करने में मदद करेगा फंड
केंद्र से मिली धनराशि से हिमाचल को वर्ष 2023 के दौरान बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन के कारण हुए नुकसान की भरपाई , पुनर्निर्माण गतिविधियों में मदद मिलेगी। 2006.40 करोड़ रुपए में 1504.80 करोड़ रुपए एनडीआरएफ के तहत रिकवरी और पुनर्निर्माण फंडिंग विंडो से केन्द्र का हिस्सा होगा। यह फंड प्रभावित इलाकों में सड़कों, घरों और बुनियादी ढांचे को दोबारा खड़ा करने में मदद करेगा। इससे पूर्व, गृह मंत्रालय ने इस आपदा से प्रभावित हिमाचल प्रदेश को राहत कार्यों के लिए, 12 दिसम्बर 2023 को ही 633.73 करोड़ रुपए की अतिरिक्त वित्तीय सहायता की मंजूरी दी थी। हिमाचल ही नहीं, केंद्र ने उत्तराखंड की जोशीमठ आपदा के लिए 1,658.17 करोड़ और सिक्किम की GLOF घटना के लिए 555.27 करोड़ रुपये की योजनाएं मंजूर की हैं।
संजू चौधरी

