-
Advertisement
नगर निगम शिमला में कांग्रेस ने 10 साल बाद लहराया अपना परचम, बीजेपी को चटाई धूल
Last Updated on May 4, 2023 by sintu kumar
हिमाचल प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन का सीधा असर नगर निगम शिमला ( MC Shimla) के चुनावों पर दिखाई दिया। बीजेपी( BJP) को पछाड़ कर कांग्रेस ने नगर निगम शिमला पर दस साल बाद कब्जा जमा लिया। हाल ये हुआ कि बीजेपी दहाई का आंकड़ा तक पार नहीं कर पाई और 9 के आंकड़े पर सिमट गई। माकपा की झोली में मात्र एक वार्ड आया है।
नगर निगम शिमला के कुल 34 वार्ड में से कांग्रेस ( Congress) ने 24 वार्डों में जीत हासिल की। टूटू, अनाडेल, कैथू, मजाहट, बालूगंज, कच्चीघाटी, टूटीकड़ी, नाभा, रामबाजार, लोअर बाजार, जाखू, बेनमोर, इंजन घर, लोअर ढली, संजौली चौक, शांति विहार, भट्ठाकुफर,मल्याणा,सांगटी, छोटा शिमला, कंगनाधार, विकासनगर, कनलोग, खलीनी से कांग्रेस के उम्मीदवार जीते । भराड़ी, रूल्दुभट्टा, फागली, कृष्णा नगर, अपर ढली, पंथाघाटी, कसुंपटी , न्यू शिमला व पटयोग से बीजेपी को जीत हासिल हुई जबकि समरहिल से माकपा के उम्मीदवार ने जीत हासिल की।
मेयर व डिप्टी मेयर पद के लिए उम्मीदवार पर होगा फैसला
शिमला नगर निगम चुनावों में कांग्रेस पार्टी की जीत को भारी जीत के रूप में देखा रहा है। इस जीत के पीछे पार्टी के मजबूत जमीनी स्तर के संगठन और उनकी चुनावी रणनीति के सफल कार्यान्वयन को माना जा रहा है। कांग्रेस ने शहर के विकास और प्रगति की दिशा में काम करने का वादा किया है।इस जीत के साथ कांग्रेस अब शिमला नगर निगम में मेयर व डिप्टी मेयर पद के लिए उम्मीदवार पर फैसला करने के लिए आंतरिक चर्चा करेगी।
यह भी पढ़े:नगर निगम शिमला पर कांग्रेस का कब्जा, 24 वार्डों में जीत, बीजेपी 9 पर सिमटी, माकपा 1
प्रतिभा सिंह ने जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने शिमला नगर निगम चुनावों में पार्टी की शानदार जीत के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया हैं। उन्होंने इस जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा है कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिस लगन और ईमानदारी से अपना दायित्व निभाया है, उसके लिये वह इन सब की आभारी हैं।
प्रतिभा सिंह ने शिमला नगर निगम चुनावों के मार्गदर्शन के लिये अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी तजेंद्र पाल सिंह बिट्टू सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री सहित सभी पार्टी नेताओं का भी आभार व्यक्त किया है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि सगंठन के प्रति कार्यकर्ताओं की मेहनत से विधानसभा चुनावों के बाद शिमला नगर निगम व पालमपुर उप चुनाव में पार्टी ने अपनी जीत का परचम लहराया हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूती से आगे बढ़ रही हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत के लिये हिमाचल प्रदेश से शुरू हुआ जीत का सिलसिला अब आगे बढ़ेगा।