-
Advertisement
आनी में पदाधिकारियों – कार्यकर्ताओं को समय ना देने पर सीधे राठौर से उलझ पड़े कांग्रेसी
Last Updated on August 21, 2021 by Sintu Kumar
आनी। कांग्रेस की गुटबाजी अब सड़कों पर पहुंच गई है। सरकाघाट, जोगिंद्रनगर और अब आनी में कांग्रेस में मची सिर फुटौव्वल का नजारा देखने को मिला। इस बार सामने को और नहीं बल्कि सीधे हिमाचल प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर थे। शनिवार को जिला कुल्लू के आनी पहुंचे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर से कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता उलझ पड़े। जिसके बाद पार्टी में एकजुटता की बातें धरी की धरी रह गईं। बात को बिगड़ता देख कुलदीप राठौर ने भी वहां से निकलने में ही भलाई समझी। आज आनी में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन रखा गया था, जिसमें कुलदीप सिंह राठौर विशेष रूप से पहुंचे हुए थे। सम्मेलन खत्म होने के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आनी के पदाधिकारी, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कुलदीप राठौर से विश्राम गृह आनी में मिलकर बात करना चाहते थे। लेकिन कुलदीप राठौर बंजार में कार्यकर्ता सम्मेलन के चलते उन्हें मिलने का समय नहीं दे पाए। जिससे यह लोग भड़क गए। ऐसे में गुस्साए कार्यकर्ता बीच सड़क कुलदीप राठौर से उलझ पड़े। कार्यकर्ताओं का कहना था कि सम्मेलन में कार्यकर्ता और पदाधिकारी कम और महिला मंडल की महिलाएं ज्यादा शामिल थीं, जो ना जाने किसके कहने पर यहां पहुंची थीं, जो जांच का विषय है। हालांकि कुलदीप राठौर ने इन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन जब यह लोग समझने को तैयार नहीं हुए तो राठौर ने वहां से निकलना ही बेहतर समझा।
यह भी पढ़ें: शिमला से मंडी पहुंचे अनुराग ठाकुर, जन आशीर्वाद यात्रा में मंडी उपचुनाव की जीत का किया दावा
बता दें कि आनी कांग्रेस का एक धड़ा वर्तमान आनी के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चन्द्रकेश शर्मा को हटाना चाहता है। जिसको लेकर कुछ समय पहले एक चिट्ठी प्रदेशाध्यक्ष को भेजी गई है, जिसमें कई फ्रंटल संगठनों ने अपने लेटर पैड पर चन्द्रकेश शर्मा को पद से हटाने की सिफारिश की थी। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चन्द्रकेश शर्मा ने कहा कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है और इसे आपस मे सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी को कोई नाराजगी है तो उसे भी सुना जाएगा।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page