-
Advertisement

महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़, बम-बम भोले के जयकारों से गूंज रहे मंदिर
Mahashivaratri 2025 : आज महाशिवरात्रि पर्व मनाया जा रहा है। प्रदेश के सभी शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लाइनें लगी हैं। बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर गूंज रहे हैं। मंडी के बाबा भूतनाथ मंदिर में सुबह 3 बजे ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंडी में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर सुबह 5 बजे ब्यास घाट से बाबा भूतनाथ मंदिर तक शिव की बारात निकाली गई। बारिश में भी शिव भक्तों में काफी उत्साह दिखा। भक्तों ने भोले बाबा को प्रसन्न करने के लिए दूध, गंगाजल, शहद, दही, चंदन, अक्षत, बेलपत्र व फल आदि से अभिषेक किया। राजधानी शिमला के मंदिरों में भक्तों की कतारें लगी हुई है।
महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर छोटी काशी मंडी में लघु जलेब निकाल कर बाबा भूतनाथ को अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का विधि विधान पूर्वक डीसी अपूर्व देवगन ने न्योता दिया। मंडी में 7 दिनों तक चलने वाला अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव कल से शुरू हो रहा है। कल शाही जलेब निकलेगी, जिसमें सभी देवी-देवता पारंपरिक बाध्य यंत्रों की थाप पर नाचते गाते हुए शिरकत करेंगे।
धार्मिक मान्यता है कि फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को भगवान शिव और मां पार्वती का विवाह हुआ था। इसलिए इस पर्व को महाशिवरात्रि के रूप में पूजा जाता है। महाशिवरात्रि पर चार पहर में भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की जाती है।