-
Advertisement
Sukhu Cabinet की बैठक में CBSE स्कूलों व शिक्षकों को लेकर अहम फैसला संभावित
Himachal Cabinet Meeting : हिमाचल प्रदेश में अब 125 स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम पढ़ाया जाएगा। आज होने वाली सुक्खू कैबिनेट की बैठक में इन स्कूलों को लेकर गाइडलाइन को मंजूरी मिलने की संभावना है। इससे पहले 117 सरकारी स्कूलों का चयन किया गया था। अब आठ और स्कूलों ने भी संबद्धता के लिए आवेदन कर दिया है। सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के चयन के लिए परीक्षा करवाने या ना करवाने पर भी आज होने जा रही कैबिनेट बैठक में फैसला होगा। शैक्षणिक सत्र 2026.27 से प्रदेश के चयनित सरकारी स्कूलों को सीबीएसई पाठ्यक्रम में बदला जाना है। सीबीएसई स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों के चयन को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालांकि सरकार ने बीते दिनों परीक्षा के माध्यम से ही शिक्षकों का चयन करने का फैसला लिया है लेकिन इसका खुलकर विरोध हो रहा है। ऐसे में अब कैबिनेट इस बात पर फैसला लेगी कि शिक्षकों के चयन के लिए अलग से परीक्षा करवाई जाए या मौजूदा शिक्षकों की तैनाती मानकों के अनुसार ही की जाए।
साहसिक पर्यटन गतिविधियों पर भी चर्चा संभावित
प्रदेश के मेडिकल कॉलेज में नियुक्त होने वाले सीनियर रेजिडेंट चिकित्सकों के संबंध में नीति का प्रस्ताव भी कैबिनेट में आएगा। इसमें अभी जीडीओ के लिए 50 प्रतिशत और 50 प्रतिशत सीधे रखे जाने का प्रावधान है, जबकि इसे बढ़ाकर 66 प्रतिशत किया जा रहा है। इसी तरह प्रदेश में सरकार द्वारा साहसिक पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की योजना है। इसी कड़ी में जिप लाइन, हॉट बैलून उड़ाने की अनुमति प्रदान करने से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से हॉट बैलून से पर्यटकों को आसमान से सैर करवाने के प्रस्ताव आए हैं। इस तरह के प्रस्ताव मनाली के प्रशिक्षित युवाओं की ओर से सरकार को स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं। इन पर भी आज होने वाली कैबिनेट में चर्चा संभावित है।
-पंकज शर्मा

