-
Advertisement
हिमाचल में पंचायत चुनाव 30 अप्रैल से पहले, शिमला से दिल्ली-धर्मशाला फ्लाइट को मंजूरी
Himachal Cabinet Meeting Decisions: हिमाचल कैबिनेट की बैठक सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज हुई। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल के अलावा सभी मंत्री मौजूद रहे। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव 30 अप्रैल से पहले करवाए जाएंगे और चुनाव कोर्ट के आदेशानुसार करवाए जाएंगे। सरकार हाई कोर्ट के आदेशों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट नहीं जाएगी। सीएम ने पंचायती राज विभाग को चुनाव संबंधी तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों व कर्मचारियों का मानदेय फिक्स
कैबिनेट बैठक में डिमार्केशन, तक्सीम और इंतकाल के लंबित पड़े मामले जल्द निपटाने के लिए यह फैसला लिया है। इसके लिए रिटायर राजस्व अधिकारी व कर्मचारियों को री-अंगेज करने की मंजूरी दी गई। रिटायरमेंट के बाद री-इंगेजमेंट पर इन अधिकारियों व कर्मचारियों को फिक्स मानदेय दिया जाएगा। तहसीलदार को 70 हजार, नायब तहसीलदार को 60 हजार, कानूनगो को 50 हजार और पटवारी को 40 हजार रुपए प्रति माह मेहनताना दिया जाएगा।
शिमला और धर्मशाला आने वाले टूरिस्ट को फायदा
शिमला से दिल्ली और शिमला से धर्मशाला के लिए जल्द हवाई सेवाएं शुरू होगी। कैबिनेट ने इसकी मंजूरी प्रदान कर दी है। अलायंस एयर के करार खत्म होने से यह उड़ान कई महीनों से बंद पड़ी थी। इस फ्लाइट के शुरू होने से देशभर से शिमला और धर्मशाला आने वाले टूरिस्ट को भी फायदा होगा। इससे पर्यटन को भी पंख लगेंगे।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में कैंसर विभाग
कैबिनेट में मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में कैंसर विभाग खोलने का फैसला लिया गया है जिसमें 250 पदों को भरने की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा कैबिनेट ने जनजातीय क्षेत्रों में एक महीना एडवांस में सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने को मंजूरी दी है। कैबिनेट ने डिजास्टर मैनेजमेंट सेल में 11 पद स्वीकृत किए हैं। वहीं स्टाफ नर्स की भर्ती में आयु सीमा को 21 से 32 साल की जगह बढ़ाकर 18 से 45 साल कर दिया है जबकि SC व ST को पांच साल की अतिरिक्त छुट मिलेगी।
न्यू आईस्केटिंग रिंक बनाने को मंजूरी
शिमला में अंतरराष्ट्रीय स्तर का न्यू आईस्केटिंग रिंक बनाने को मंजूरी भी दी गई है। फूड न्यूट्रीशन पॉलिसी को भी मंजूरी कैबिनेट ने मंजूरी दी है। जिसके लिए फूड सेफ्टी लैब कंडाघाट में खोलने का फैसला लिया गया है और जिसमें 26 अलग- अलग फूड को स्वीकृति दी गई है।
-संजू चौधरी

