-
Advertisement
HPBOSE Exam में नकल के मामलों में कमी , उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन केंद्रों के लिए गठित की निगरानी कमेटियां
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं के दौरान इस बार नकल के मामलों में कमी आई है। दसवीं व बारहवीं की परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन हेतू बोर्ड की ओर से निगरानी कमेटियां गठित की गई हैं। जमा दो कक्षा की पेपर चेकिंग को 2,130 जबकि दसवीं कक्षा की पेपर चेकिंग के लिए 2,900 शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। यह बात हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. राजेश शर्मा ने कही।
परीक्षा केंद्रों की निगरानी बोर्ड कंट्रोल रूम से की गई
उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में नकल के 282 मामले सामने आए थे, जबकि इस बार केवल 59 मामले ही सामने आए हैं। जो पिछले वर्षों की तुलना में उल्लेखनीय कमी को दर्शाता है। इस वर्ष मैट्रिक में 93,602 तथा प्लस टू में 81,412 परीक्षार्थियों ने भाग लिया, जबकि प्रदेश भर में कुल 2,384 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए। सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी बोर्ड कंट्रोल रूम से की गई, जिससे परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाए रखा गया। अनुशासन बनाए रखने हेतु दो परीक्षा केंद्रों को रद्द किया गया तथा आवश्यकतानुसार विशेष पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए। परीक्षा प्रक्रिया की निरंतर निगरानी के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण भी किया गया। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने सुचारु रूप से बोर्ड परीक्षाओं का संचालन पूरा करवाया है, अब हमारा ध्येय 30 अप्रैल से पहले परिणाम घोषित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा बोर्ड अब बच्चों की करियर काउंसलिंग भी करेगा।
पहले चरण का मूल्यांकन कार्य आरंभ
उन्होंने कहा कि 2 अप्रैल से बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के पहले चरण का मूल्यांकन कार्य आरंभ हो गया है, जिसके लिए 41 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि दूसरा चरण 16 अप्रैल से शुरू होगा। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में जमा दो की संस्कृत, अंग्रेजी, इकोनोमिक्स, फिजिक्स, हिंदी, अकाउंटेंसी व बायोलॉजी विषयों, जबकि दसवीं की अंग्रेजी, हिंदी, गणित और साइंस विषयों की उत्तरपुस्तिकाओं की चेकिंग होगी। हमारा प्रयास रहेगा कि दोनों कक्षाओं का परीक्षा परिणाम 30 अप्रैल से पहले घोषित किया जा सके।
पंकज
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

