-
Advertisement
ना नौकरी में सुरक्षा ना ही उचित वेतन- चौड़ा मैदान में आउटसोर्स कर्मियों का प्रदर्शन
Outsourced Employees Protest: हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र के बीच शिमला के चौड़ा मैदान में विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत सैकड़ों आउटसोर्स कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बागवानी, बिजली बोर्ड, जल शक्ति सहित कई विभागों के आउटसोर्स कर्मचारी शामिल हुए। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी स्थायी नीति बनाने, समान काम के लिए समान वेतन देने और नौकरी में सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि वे विभिन्न विभागों में 15 से 20 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने की मांग
कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें ना तो नौकरी में सुरक्षा मिलती है और ना ही उचित वेतन। हाल ही में विभिन्न विभागों से आउटसोर्स कर्मचारियों को हटाए जाने के मामलों ने उनमें डर और अस्थिरता का माहौल पैदा कर दिया है। आउटसोर्स कर्मचारी अपने लिए स्थायी नीति बनाने और नौकरी में सुरक्षा सुनिश्चित करने, साथ ही समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने की मांग कर रहे है। संघ के संयोजक अश्विनी शर्मा ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों को लगभग 13,000 रुपये का मासिक वेतन मिल रहा है, जिससे इस महंगाई के दौर में जीवन यापन करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने जोर दिया कि जब तक सरकार इन मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

