-
Advertisement
छोटी काशी में होगा देव महाकुंभः सर्व देवता समिति तैयार, सरकार की सहमति का इंतजार
मंडी। हिमाचल प्रदेश में छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी में आने वाले समय में पहली बार देव महाकुंभ का आयोजन करवाया जाएगा। जिसमें मंडी ही नहीं कुल्लू, शिमला, सिरमौर, चंबा, लाहौल स्पीति सहित पूरे प्रदेश के प्रतिष्ठित देवी देवताओं को बुलाया जाएगा। मंगलवार को मंडी में सर्व देवता समिति की साधारण सभा की अध्यक्षता करते हुए डीसी अरिंदम चौधरी ने इस बारे में समिति के सुझाव मांगे हैं। डीसी ने बताया कि यह अपनी तरह का पहला और अनूठा देव समागम होगा जिससे आने वाली पीढ़ियों को भी देव परंपरा से जोड़ने और इसके संवर्धन में सहायता मिलेगी। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में सभी के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव को मंडी में और भी धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने देव परंपराओं में युवाओं के घटते सहयोग पर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि हमे यदि देव परंपराओं और संस्कृति को आगे ले जाना है तो इसमें युवाओं की सहभागिता होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शिवरात्रि महोत्सव को करवाने के लिए बहुत सी चुनौतियां आ सकती हैं जिसके लिए देवता समितियों और आम जन को इसके समाधान के लिए मिलकर कार्य करना होगा।
यह भी पढ़ें- ऊनाः सड़कों पर उतरे अमित के परिजन, नशा निवारण केंद्र संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

वहीं साधारण सभा के बाद सर्व देवता समिति मंडी के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने बताया कि देव समाज के लिए जो कार्य प्रदेश के मौजूदा सीएम जयराम ठाकुर ने किए हैं वह आज तक कोई नहीं कर पाया। इसके लिए उन्होंने प्रदेश सरकार के मुखिया का आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से शीघ्र ही सरकारी भूमि पर बने मंदिरों के बारे में भी सकारात्मक फैसले की उम्मीद जताई है। शिवपाल शर्मा ने कहा कि डीसी मंडी ने छोटी काशी में प्रदेश स्तर का देव महाकुंभ करवाने का सुझाव दिया है जो कि एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और सरकार की इसमें सहमति बनती है तो देव समाज इस कार्यक्रम को करवाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। साधारण बैठक में अधिकतर कारदारों ने भाग लिया और अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…

