-
Advertisement
ऊना में नशा तस्करों का दुस्साहस: पुलिस टीम पर चढ़ाई गाड़ी, एसएचओ घा#यल- दो गिरफ्तार
Himachal News: ऊना जिले में नशा तस्करों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे खाकी पर हमला करने से भी नहीं कतरा रहे हैं। उपमंडल अंब के तहत नकड़ोह गांव में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर एक नशा तस्कर ने गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। इस हमले में थाना प्रभारी (एसएचओ) अंब विपिन शर्मा घायल हो गए हैं। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया है और उनके कब्जे से कुल 14.50 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अर्जुन सिंह उर्फ जोनी (निवासी वार्ड नंबर-4, कैलाश नगर, नकड़ोह) और जसकीरत सिंह (निवासी गगरेट) के रूप में हुई है।
झाड़ियों में फेंका चिट्टा, फिर एसएचओ पर चढ़ाई गाड़ी
जानकारी के अनुसार, अंब पुलिस को नकड़ोह में नशे की खेप के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बाइक सवार अर्जुन सिंह को जांच के लिए रोका। पुलिस को देखकर अर्जुन ने अपनी जेब से प्लास्टिक का पाउच निकालकर पास की झाड़ियों में फेंक दिया।इसी दौरान, जसकीरत सिंह अर्जुन से चिट्टा लेने के लिए अपनी कार में मौके पर पहुंचा। वहां पुलिस टीम को तैनात देख जसकीरत ने कार रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और सीधे थाना प्रभारी विपिन शर्मा पर गाड़ी चढ़ा दी।गनीमत यह रही कि विपिन शर्मा ने समय रहते खुद को संभालने की कोशिश की, फिर भी वे गाड़ी की चपेट में आ गए। घायल एसएचओ का इलाज सिविल अस्पताल अंब में करवाया गया है।
घर से भी मिली नशे की खेप
हमले के तुरंत बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी सवार जसकीरत को काबू किया और मौके से भागे अर्जुन सिंह को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने झाड़ियों से फेंका गया पाउच बरामद किया, जिसमें से 5.77 ग्राम चिट्टा मिला। इसके बाद पुलिस ने अर्जुन सिंह के घर पर दबिश दी, जहां से 8.73 ग्राम और चिट्टा बरामद हुआ। दोनों जगहों से कुल 14.50 ग्राम चिट्टा जब्त किया गया है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज करने के साथ-साथ थाना प्रभारी को गाड़ी से कुचलकर जान से मारने के प्रयास की धाराओं के तहत भी केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी छानबीन जारी है।
सुनैना जसवाल
