-
Advertisement
हिमाचल पुलिस में इलेक्ट्रिक युग की शुरुआत,सीएम सुक्खू ने 66 पेट्रोलिंग वाहनों को दिखाई हरी झंडी
Himachal Police: हिमाचल प्रदेश पुलिस में इलेक्ट्रिक युग की शुरुआत हो गई है। पुलिस के बेड़े में आज 66 इलेक्ट्रिक पैट्रोलिंग वाहन जुड़ गए। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला के चौड़ा मैदान में पुलिस विभाग के पेट्रोलिंग व अन्य वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन प्रदेश के दस जिलों में सेवाएं देंगे। इससे यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।
आधुनिक सुविधाएं देकर बेहतर किया जा सकता है
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि जब से कांग्रेस सरकार सत्ता में आई है, यह प्रयास किया है कि सभी विभागों में आधुनिक तरीके से काम किया जाए। हिमाचल एक पर्यटन राज्य है और देश-विदेश से बड़ी संख्या में यहां सैलानी पहुंचते हैं। ट्रैफिक की समस्या पूरे प्रदेश में बनी रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक के सुचारू संचालन के लिए 66 के करीब गाड़ियां रवाना की गई हैं। पुलिस में आधुनिक सुविधाएं देकर बेहतर किया जा सकता है। दुर्घटना की स्थिति में ये वाहन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचेंगे। कहा कि हाल ही 1200 पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती की है। पुलिस को आधुनिक हथियारों से भी लैस किया जा रहा है। चिट्टा से सख्ती से निपटा जा रहा है।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल
पुलिस ने पैट्रोलिंग के लिए टाटा कर्व इलेक्ट्रिक कारों को शामिल किया है आमतौर पर पुलिस विभाग में Mahindra Bolero, Scorpio जैसी डीजल गाड़ियों की इस्तेमाल की जाती हैं, लेकिन इस बार पहली बार किसी इलेक्ट्रिक SUV को पुलिस फ्लीट में जगह मिली है। टाटा कर्व EV को पुलिस की जरूरतों के हिसाब से कस्टमाइज किया गया है। इस इलेक्ट्रिक SUV को सफेद रंग में तैयार किया गया है, जिस पर बड़े अक्षरों में POLICE लिखा गया है।हिमाचल प्रदेश पुलिस का यह निर्णय पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल है। पहाड़ी इलाकों में गाड़ियों से निकलने वाला धुआं और प्रदूषण बड़ी समस्या बनती जा रही है। इससे पहले हिमाचल प्रदेश में परिवहन विभाग में भी सभी वाहन इलेक्ट्रिक किए गए हैं। ये वाहन अत्याधुनिक उपकरणों से लैस है, जिससे पुलिस कानून का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कसेगी।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

