-
Advertisement
आखिर पिंजरे में कैद हो गया तेंदुआ, कई दिनों से लोगों के लिए बना था सिरदर्द
Last Updated on April 5, 2022 by sintu kumar
ऊना। जिला ऊना के गगरेट उपमंडल मुख्यालय के समीपवर्ती गांव में कई दिनों से लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ तेंदुआ आखिर वन विभाग के पिंजरे में कैद हो ही गया। गगरेट में तेंदुए लगातार रिहाशी इलाकों का रुख कर रहे है। क्षेत्र के कलोह गांव में वन विभाग ने एक घर में पिंजरा लगकर तेंदुए को पकड़ने में सफलता हासिल की है। घायल तेंदुए को बेहोश करने के बाद गोपालपुर भेजा जा रहा है। जानकारी के अनुसार कलोह गांव के शाम लाल के घर पर तेंदुआ उनके पालतू कुत्ते को शिकार कर गया उसके बाद वह एक और कुत्ता लाए तो तेंदुआ उसे भी अपना निवाला बनाने को आतुर था। शाम लाल ने परेशान हो कर तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग से पिंजरा लगाने की गुहार लगाई। वन विभाग ने रविवार को कलोह में शाम लाल के घर पिंजरा लगाया और सोमवार रात्रि तेंदुआ उसमें फंस गया। घर के सदस्य रमन ने बताया कि पिछले कई दिनों से उनका परिवार तेंदुए के आतंक से परेशान था जिसके बाद वन विभाग ने पिंजरा लगाया और आज तेंदुआ उसमें फंस गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचलः आधी रात को बकरियों के शैड में घुस गया तेंदुआ और मचा दी तबाही
वहीं मौके पर पहुंचे वन विभाग के खंड अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि क्षेत्र में रिहायशी इलाकों में तेंदुए के होने की लगातार शिकायतें मिल रही थी जिस पर विभाग ने अप्पर गगरेट, नंगल जरियालां व कलोह में पिंज़रे लगाए थे, कलोह में एक तेंदुआ पकड़ा गया है यह घायल है। इसकी गर्दन में गहरा घाव है इसे डॉक्टर की मदद से बेहोश कर काबू में किया जाएगा। उपचार करने के बाद इसे उच्च अधिकारियों के आदेश पर गोपालपुर छोड़ा जाएगा।