- Advertisement

पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने राजनीति को कहा -अलविदा, संत रामपाल की शरण में पहुंचे
Kaul Singh Thakur Retirement: हिमाचल प्रदेश की राजनीति से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और आठ बार के विधायक रहे कौल सिंह ठाकुर ने सक्रिय राजनीति से पूरी तरह संन्यास ले लिया है। सार्वजनिक जीवन से दूरी बनाने के बाद अब उन्होंने आध्यात्मिक मार्ग चुन लिया है और वे संत रामपाल की शरण में पहुंच गए हैं।कौल सिंह ठाकुर की संत रामपाल से मुलाकात का एक वीडियो संत रामपाल के आधिकारिक फेसबुक पेज पर साझा किया गया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
परिवार के साथ पहुंचे आश्रम, टेका माथा
वायरल वीडियो में हिमाचल कांग्रेस के कद्दावर नेता कौल सिंह ठाकुर अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ संत रामपाल के आश्रम में नजर आ रहे हैं। उन्होंने संत रामपाल का अभिवादन किया और उनके चरणों में दंडवत प्रणाम कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान ठाकुर ने संत रामपाल को हिमाचली संस्कृति का प्रतीक ‘हिमाचली टोपी’ भेंट की, जबकि उनकी पत्नी ने हिमाचल के विशेष जैविक (ऑर्गेनिक) फल उन्हें सौंपे। वीडियो में ठाकुर अपनी पत्नी के खराब स्वास्थ्य को लेकर भी संत रामपाल से मार्गदर्शन मांगते दिख रहे हैं।
दशकों लंबे राजनीतिक सफर का किया जिक्र
संत रामपाल से बातचीत के दौरान कौल सिंह ठाकुर ने अपने दशकों लंबे राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए बताया कि वे 8 बार विधायक चुने गए, 4 बार प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे, 1 बार विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) की जिम्मेदारी संभाली और 2 बार हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) के अध्यक्ष रहे। ठाकुर ने कहा कि एक लंबा जीवन राजनीति और जनता की सेवा में बिताने के बाद, अब वे सार्वजनिक जीवन से पूरी तरह अलग होकर अपना शेष जीवन आध्यात्मिक साधना में बिताना चाहते हैं। उन्होंने संत रामपाल को हर साल मई और जून में हिमाचल आने का निमंत्रण भी दिया।
संत रामपाल ने दी नामदान की सलाह
मुलाकात के दौरान संत रामपाल ने कौल सिंह ठाकुर को दीक्षा (नामदान) लेने और पूर्ण रूप से भक्ति का मार्ग अपनाने की सलाह दी। उन्होंने पूर्व मंत्री को आध्यात्मिक साधना, मंत्रों की महत्ता और जीवन के वास्तविक उद्देश्य के बारे में विस्तार से समझाया।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
हिमाचल के इतने बड़े राजनीतिक चेहरे का अचानक संन्यास लेकर आध्यात्मिक राह चुनना राज्य में भारी चर्चा का विषय बना हुआ है। कौल सिंह ठाकुर के इस कदम को हिमाचल की राजनीति में एक बड़े युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, संत रामपाल की शरण में जाने को लेकर सामाजिक और राजनीतिक गलियारों में नई बहस छिड़ गई है, क्योंकि संत रामपाल अतीत में देवी-देवताओं और पारंपरिक पूजा-पद्धतियों पर टिप्पणियों के कारण विवादों में रह चुके हैं।
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

