- Advertisement

जंतर-मंतर से मेदांता अस्पताल तक… NEET विवाद पर झुकी केंद्र सरकार, सोनम वांगचुक ने तोड़ी भूख हड़ताल
Sonam Wangchuk: नीट पेपर लीक मुद्दे पर चल रहे छात्र आंदोलन और बिगड़ते स्वास्थ्य के बीच 26 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने गुरुवार रात अपना अनशन समाप्त कर दिया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और पीएमओ राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचकर सोनम वांगचुक को सरकार का आश्वासन पत्र सौंपा, जिसके बाद उन्होंने अनशन तोड़ा।
4 घंटे की मैराथन बैठक के बाद लिया गया फैसला
छात्रों के प्रदर्शन और सोनम वांगचुक की गिरती सेहत को देखते हुए गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ हुई 4 घंटे लंबी मैराथन बैठक में सरकार ने वांगचुक की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने का निर्णय लिया। इसके बाद डॉ. जितेंद्र सिंह ने वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो से फोन पर बात कर सरकार की प्रतिबद्धता जताई और अनशन तुड़वाने का आग्रह किया।
सरकार ने दी ये प्रमुख गारंटियां:
संसद में नया विधेयक: कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के तहत परीक्षा सुधारों से जुड़ा एक नया विधेयक अगले सप्ताह संसद में पेश किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई नहीं: जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले और संसद मार्च में भाग लेने वाले छात्रों के खिलाफ कोई कानूनी मामला दर्ज नहीं किया जाएगा।
पीड़ितों के लिए मुआवजा: NEET पेपर लीक से प्रभावित होकर आत्महत्या करने वाले पीड़ितों के परिवारों को उचित मुआवजा देने पर सरकार सकारात्मक रूप से विचार कर रही है।
लद्दाख लौटने से पहले छात्रों से करेंगे मुलाकात
अनशन समाप्त करने के बाद सोनम वांगचुक ने कहा कि वे शांतिपूर्ण और रचनात्मक बातचीत का समर्थन करते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि लद्दाख लौटने से पहले वे आंदोलनरत छात्रों और समर्थकों से मुलाकात करेंगे और उनसे धैर्य बनाए रखने की अपील करेंगे।
पीएम मोदी ने की जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना
सोनम वांगचुक के अनशन तोड़ने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘X’ (ट्विटर) पर लिखा, “मैं सोनम जी से आग्रह करता हूं कि वे डॉक्टरों की सलाह के अनुसार अपनी दिनचर्या रखें और जल्द से जल्द अपना पुराना स्वास्थ्य प्राप्त करें। मैं ईश्वर से उनके स्वस्थ रहने की प्रार्थना करता हूं।”
पंकज शर्मा

