-
Advertisement
पहली जून से बिना ‘हिम बस कार्ड’ छात्रों को नहीं मिलेगी मुफ्त बस यात्रा की सुविधा
Him Bus Card: हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। आगामी 1 जून से हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसों में बिना ‘हिम बस कार्ड’ (Him Bus Card) के छात्रों को मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी। जिन छात्रों ने अभी तक यह कार्ड नहीं बनवाया है, उन्हें अब बसों में सफर करने के लिए अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी और पूरा किराया चुकाना होगा।
केवल 31 मई तक का है समय
HRTC प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि साधारण बस पास अब पूरी तरह से बंद कर दिए गए हैं और उनकी जगह ‘हिम बस कार्ड’ को अनिवार्य कर दिया गया है। इस कार्ड को बनवाने की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित की गई है। पहले यह समय सीमा 30 अप्रैल तक थी, जिसे लोगों की मांग पर एक महीने के लिए बढ़ाया गया था। निगम पिछले तीन महीनों से छात्रों से यह कार्ड बनवाने की अपील कर रहा है। आंकड़ों में ‘हिम बस कार्ड’ की स्थिति-राज्य में अब तक केवल 12,502 छात्रों ने ही यह नया कार्ड बनवाया है।
पिछले आंकड़े: हर साल अमूमन 50 से 55 हजार छात्र मुफ्त बस यात्रा के लिए पास बनवाते थे।
कार्ड की फीस: इस नए ‘हिम बस कार्ड’ को बनवाने के लिए छात्रों को 243 रुपए का शुल्क देना होता है।
कार्ड बनवाने में आ रही हैं ये प्रमुख अड़चनें
लाखों छात्रों वाले राज्य में इतने कम कार्ड बनने के पीछे कई तकनीकी और व्यावहारिक समस्याएं सामने आ रही हैं
इंटरनेट की समस्या: कई ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में इंटरनेट कनेक्टिविटी न होने के कारण छात्र ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
वेबसाइट पर तकनीकी खामी: HRTC की आधिकारिक वेबसाइट पर कई सरकारी स्कूलों के नाम ही अपडेट नहीं हैं, जिससे आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है।
स्कूल प्रबंधन और अभिभावक लगातार HRTC को इस समस्या से अवगत करा रहे हैं।
महिलाओं के लिए भी नियम में बदलाव
छात्रों के अलावा, यह नया नियम महिलाओं पर भी लागू कर दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को सरकारी बसों में सफर करने पर किराए में 50 फीसदी की जो छूट दी जाती है, उसका लाभ उठाने के लिए अब महिलाओं के लिए भी ‘हिम बस कार्ड’ बनवाना अनिवार्य कर दिया गया है। पहले इसके लिए किसी विशेष कार्ड की आवश्यकता नहीं होती थी।
क्या थी पुरानी व्यवस्था?
हिमाचल सरकार ने राज्य के सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 12वीं तक पढ़ने वाले छात्रों के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दे रखी है। राज्य में सात लाख से ज्यादा बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं और हजारों छात्र रोजाना HRTC बसों से स्कूल आते-जाते हैं। अब तक यह सुविधा साधारण कार्ड पर मिल रही थी, जो 1 जून से इतिहास बन जाएगी।
संजू चौधरी

