-
Advertisement
नशा तस्करों पर 1 करोड़ का हथौड़ा- कोठी और कार सब फ्रीज,नूरपुर पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई
Himachal News: हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों की अब खैर नहीं। पुलिस जिला नूरपुर ने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को एक नई और बेहद आक्रामक धार दे दी है। तस्करों को केवल सलाखों के पीछे ही नहीं भेजा जा रहा, बल्कि अब उनके ‘आर्थिक साम्राज्य’ पर भी सीधा प्रहार शुरू हो गया है। इंदौरा के गांव छन्नी में पुलिस ने एक नशा तस्कर परिवार की एक करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।यह बड़ी कार्रवाई वर्ष 2017 में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में की गई है।
संपत्तियों का निर्माण ड्रग्स के काले कारोबार से हुआ
एएसपी धर्म चंद वर्मा के अनुसार, गांव छन्नी निवासी मुख्य आरोपी दलवीरो और उसके परिवार की कुल 1 करोड़ 1 लाख 55 हजार 718 रुपये की तीन संपत्तियों को अस्थायी रूप से फ्रीज किया गया है। इस जब्ती में दलवीरो की लगभग 62 लाख रुपये मूल्य की आलीशान कोठी, उसके बेटे मिथुन उर्फ छप्पर की करीब 32 लाख रुपये से अधिक की कोठी और फर्नीचर, और बेटी घरो देवी के नाम पर पंजीकृत करीब 7 लाख रुपये की कार शामिल है। पुलिस अब राजस्व और आयकर विभाग के दस्तावेजों को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन संपत्तियों का निर्माण ड्रग्स के काले कारोबार से ही हुआ है।
पुलिस के रिकॉर्ड में एक शातिर अपराधी है दलवीरो
आपको बता दें कि दलवीरो पुलिस के रिकॉर्ड में एक शातिर अपराधी है। अदालत ने 1 अप्रैल 2025 को उसे इसी मामले में दोषी ठहराते हुए 10 साल के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। दलवीरो पर एनडीपीएस के कुल 5 मामले और उसके बेटे मिथुन पर 14 अलग-अलग मामले दर्ज हैं।एएसपी धर्म चंद वर्मा ने साफ चेतावनी दी है कि नूरपुर पुलिस की यह मुहिम केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगी। तस्करों के बैंक खातों, लेनदेन और रिश्तेदारों के नाम पर बनाई गई हर उस संपत्ति की गहन जांच होगी, जो नशे के पैसों से खड़ी की गई है। साफ है, ड्रग्स बेचकर बनाए गए महल अब किसी काम नहीं आएंगे। तमाम बड़ी खबरों के लिए हमारे साथ बने रहें।
रविंद्र चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
