-
Advertisement
हरमनप्रीत कौर ने छोड़ी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी, सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर कर किया ऐलान
Harmanpreet Kaur: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर ने अचानक कप्तानी छोड़ने का फैसला कर सभी को चौंका दिया है। 37 वर्षीय हरमनप्रीत ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट (वनडे, टी-20 और टेस्ट) की कप्तानी से हटने का ऐलान किया है। हालांकि, वह एक खिलाड़ी के तौर पर भारतीय टीम के लिए खेलती रहेंगी। हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा था।
हरमनप्रीत के इस अचानक लिए गए फैसले के बाद अब सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को भारतीय महिला टीम की नई कमान सौंपे जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।

सोशल मीडिया पर लंबा और भावुक संदेश
हरमनप्रीत कौर ने सोशल मीडिया पर एक लंबा संदेश साझा करते हुए अपने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “मैं बेहद भावुक दिल लेकिन मन की पूरी शांति के साथ सभी फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ रही हूँ। यह एक कठिन फैसला है, जिसमें सालों की यादें, भावनाएँ, त्याग और ऐसे पल शामिल हैं जो जीवन भर मेरे साथ रहेंगे।”उन्होंने आगे लिखा कि उन्होंने भारतीय क्रिकेट को अपना सब कुछ—खून, पसीना, समय और कई बार अपने व्यक्तिगत खेल व महत्वाकांक्षाओं का त्याग दिया है। टीम को हमेशा खुद से ऊपर रखते हुए कई बार अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन और विकास को भी किनारे रखना पड़ा।
मेरा हर फैसला केवल एक ही इरादे से था
अपने कप्तानी के सफर पर बात करते हुए पूर्व कप्तान ने कहा कि एक नेतृत्वकर्ता के रूप में उन्हें कई कठिन निर्णय लेने पड़े। “ऐसे फैसले जो हमेशा हर किसी को समझ नहीं आए, जो आसान नहीं थे और कभी-कभी जिनकी व्यक्तिगत कीमत भी चुकानी पड़ी। लेकिन मेरा हर फैसला केवल एक ही इरादे से था—टीम को बेहतर बनाना और अन्य खिलाड़ियों को आगे बढ़ने व खुद पर भरोसा करने का मौका देना।”उन्होंने कठिन दौर, आलोचनाओं, दिल टूटने वाले पलों से लेकर सबसे बड़ी सफलताओं का जिक्र करते हुए कहा कि कप्तानी का यह अध्याय भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन भारतीय क्रिकेट के प्रति उनका प्यार कभी खत्म नहीं होगा। उन्होंने अपने सभी साथी खिलाड़ियों, कोचों, सपोर्ट स्टाफ, बीसीसीआई (BCCI), परिवार और प्रशंसकों का आभार जताया।
2016 में पहली बार संभाली थी टी-20 की कमान
हरमनप्रीत कौर ने सबसे पहले साल 2016 में भारतीय टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम की कप्तानी संभाली थी। इसके बाद साल 2022 में जब दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज ने संन्यास का ऐलान किया, तब हरमनप्रीत को वनडे और टेस्ट टीम का भी कप्तान बनाया गया था। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
पंकज शर्मा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
