-
Advertisement
हिमाचल कैबिनेट बैठक : 55 एजेंडों पर होगा मंथन, सेब खरीद मूल्य बढ़ने और 700 पदों पर भर्ती की उम्मीद
Himachal Cabinet Meeting: हिमाचल प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक आज होने जा रही है, जिसमें राज्य के विकास और जनहित से जुड़े कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में कुल 55 एजेंडे पेश किए जाएंगे। बैठक में आगामी मानसून सत्र की तैयारियों के अलावा, बागवानों के लिए सेब खरीद मूल्य, खाली पदों को भरने और राज्य की आर्थिक स्थिति जैसे मुख्य मुद्दों पर गहन मंथन होगा।
बागवानों को मिल सकती है बड़ी राहत, बढ़ेगा सेब का समर्थन मूल्य
आगामी सेब सीजन को देखते हुए सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमआईएस) के तहत सेब खरीद मूल्य पर बड़ा फैसला ले सकती है। संबंधित विभाग के प्रस्ताव में एक बागवान से अधिकतम 30 बोरी सेब खरीदने की सिफारिश की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि सरकार जनहित में इस सीमा को बढ़ा सकती है। पिछले साल फलों के समर्थन मूल्य में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई थी, लेकिन इस बार सरकार किसानों और बागवानों को राहत देने के मूड में है। वर्तमान में सेब और आम की खरीद 12 रुपये प्रति किलो और नींबू प्रजाति के फलों की खरीद 10 रुपये प्रति किलो की दर से हो रही है।
700 रिक्त पदों पर भर्ती को मिल सकती है मंजूरी
बेरोजगार युवाओं के लिए भी यह बैठक अच्छी खबर ला सकती है। कैबिनेट विभिन्न सरकारी विभागों में लगभग 700 खाली पदों को भरने की मंजूरी दे सकती है। इसके साथ ही, वन विभाग में सहायक वन रक्षकों (ACF) की भर्तियों के लिए भर्ती एवं पदोन्नति नियमों (R&P Rules) में संशोधन या नए नियमों पर भी अंतिम मुहर लगने की संभावना है।
प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर होगी बड़ी प्रेजेंटेशन
बैठक के दौरान राज्य की आर्थिक सेहत को लेकर भी चर्चा होगी। वित्त विभाग प्रदेश की वर्तमान वित्तीय स्थिति पर एक विस्तृत रिपोर्ट कैबिनेट के समक्ष रखेगा। प्रधान सचिव (वित्त) दिवेश कुमार इस रिपोर्ट पर एक विशेष प्रस्तुति (प्रेजेंटेशन) देंगे, जिसके आधार पर सरकार आगामी योजनाओं और आर्थिक प्रबंधन की रणनीति तय करेगी।
अनु गुप्ता

