- Advertisement

कसौली में होगा हिमाचल कांग्रेस का ‘महामंथन’: कैबिनेट विस्तार और चुनावी रणनीति पर लग सकती है मुहर
Himachal Congress: हिमाचल प्रदेश में सत्ता और संगठन के बीच तालमेल, आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति और बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) और पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक अब 16 और 17 अगस्त को कसौली में आयोजित होने जा रही है। राजनीतिक हलकों में इस बैठक को लेकर अटकलें तेज हैं। माना जा रहा है कि इसमें राज्य सरकार के प्रदर्शन की समीक्षा के साथ-साथ संभावित कैबिनेट विस्तार, निष्क्रिय मंत्रियों की छुट्टी और नए चेहरों को मौका दिए जाने जैसे बड़े फैसले हो सकते हैं।
संगठन की मजबूती और बूथ स्तर की रणनीति पर मंथन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने जानकारी दी कि हाल ही में अपने दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने पार्टी आलाकमान के शीर्ष नेताओं के साथ प्रदेश के सांगठनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की थी, जिसके बाद कसौली बैठक की तिथि तय की गई है। प्रदेश कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, विभिन्न विभागों और अग्रणी संगठनों के कामकाज की विस्तृत समीक्षा होगी। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क अभियान की रणनीति बनाई जाएगी।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के कदम उठाए जाएंगे।
धर्मशाला की जगह कसौली में क्यों हो रही है बैठक?
यह बैठक पहले 15 और 16 जुलाई को धर्मशाला में प्रस्तावित थी। हालांकि, मानसून के मौसम में खराब दृश्यता और उड़ानों के प्रभावित होने की आशंका के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। अब चंडीगढ़ के नजदीक होने और सुगम आवागमन की दृष्टि से कसौली को इस महत्वपूर्ण मंथन के लिए चुना गया है।
केंद्रीय नेतृत्व को दी गई जनांदोलनों की रिपोर्ट
प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने आलाकमान को प्रदेश में नीट (NEET) पेपर लीक और राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दों पर केंद्र सरकार के खिलाफ चलाए गए धरना-प्रदर्शनों की रिपोर्ट भी सौंपी। उन्होंने दावा किया कि इन अभियानों के जरिए पार्टी को जनता का भारी समर्थन मिला है और कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार हुआ है।
बैठक में जुटेगा दिग्गजों का जमावड़ा
कसौली में होने वाली इस दो दिवसीय बैठक में कांग्रेस के कई केंद्रीय और राज्य स्तरीय दिग्गज शामिल होंगे। AICC संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, सह-प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और राज्य कैबिनेट के सभी सदस्य प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों सहित संगठन के सभी प्रमुख पदाधिकारी।
संजू चौधरी
