-
Advertisement
कर और कर्ज से चल रही सरकार- जयराम बोले- ढाई साल से अफरातफरी का माहौल
Himachal BJP: पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बीजेपी प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर जनसंपर्क और जनजागरण अभियान चलाने जा रही है। इस दौरान मोदी सरकार की उपलब्धियां के साथ-साथ प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नाकामियों को भी बीजेपी जनता के बीच रखेगी। यह जानकारी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला में संयुक्त कॉन्फ्रेंस में दी, इस दौरान जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला है।
एसपी शिमला का तबादला राजनीतिक संरक्षण के तहत
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ढाई साल में पूरी तरह अफरातफरी में चल रही है। सरकार केवल किसी तरह सत्ता में बने रहने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि शिमला में शराब की अवैध फैक्ट्री दो वर्षों से चल रही है, जहाँ से चार लाख से अधिक स्टिकर बरामद हुए हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि एसपी शिमला का तबादला भी राजनीतिक संरक्षण के तहत हुआ है और सीएम कार्यालय खुद FIR दर्ज ना हो इसके लिए प्रयासरत रहा है।
जिम्मेदारी से बचने का प्रयास
विमल नेगी की मृत्यु के पीछे के कारणों की जांच की मांग करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। बीजेपी नेताओं ने सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि अब अस्पतालों में पर्ची के पैसे और 133 टेस्ट फ्री नहीं रहेंगे। सीएम के “स्वायत्त” वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा गया कि यह केवल जिम्मेदारी से बचने का प्रयास है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि सरकार स्पष्ट मानसिकता से काम नहीं कर रही है और सभी निर्णय कुछ चुनिंदा व्यक्तियों द्वारा लिए जा रहे हैं, जिससे मंत्री और अधिकारी भी असमंजस में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की सरकार सिर्फ कर और कर्ज की सरकार बनकर रह गई है और जनता की भलाई के लिए कोई ठोस योजना नहीं दिख रही।
बीजेपी हर बूथ पर 11 पौधे लगाएगी
डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि पार्टी 9 जून से विशेष अभियान शुरू करेगी, जिसमें संगठन के सभी स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। डॉ. बिंदल ने बताया कि बीजेपी पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। बीजेपी हर बूथ पर 11 पौधे लगाएगी। इस लक्ष्य के तहत प्रदेश के कुल 8009 पोलिंग बूथों पर लगभग 90,000 पौधे रोपे जाएंगे। साथ ही, 20 जून तक मंडल और बूथ स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
योग दिवस पर नो टू ड्रग्स अभियान
डॉ. बिंदल ने कहा कि बीजेपी 21 जून को योग दिवस पर नो टू ड्रग्स अभियान के तहत प्रदेशभर में 171 कार्यक्रम आयोजित करेगी ताकि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता फैलाई जा सके। इसके अलावा, 23 जून को जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर भाजपा हर बूथ पर “बूथ चौपाल” आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित करेगी। इस दौरान कांग्रेस की वर्तमान सरकार की “नाकामियों” पर चर्चा भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 25 जून को आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी “जनजागरण अभियान” शुरू करेगी।
संजू चौधरी

