-
Advertisement
हिमाचल सरकार ने दिल्ली, चंडीगढ़ व शिमला के अतिथि गृहों का किराया घटाया, ₹3,000 में मिलेंगे कमरे,आम जनता को राहत
Himachal Govt: हिमाचल प्रदेश सरकार ने दिल्ली, चंडीगढ़ और शिमला स्थित अपने प्रमुख सरकारी अतिथि गृहों के चुनिंदा कमरों को आम जनता के लिए खोलने का फैसला किया है। हिमाचल प्रदेश सरकार ने आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए दिल्ली, चंडीगढ़ और शिमला स्थित अपने प्रमुख सरकारी अतिथि गृहों के 24 कमरों का किराया 4,000 रुपये से घटाकर 3,000 रुपये प्रति कमरा प्रतिदिन (सभी करों सहित) कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी नई अधिसूचना के तहत अब आम नागरिक भी इन गेस्ट हाउसों में ऑनलाइन कमरे बुक करा सकेंगे।
इन अतिथि गृहों में उपलब्ध होगी सुविधा
हिमाचल भवन, नई दिल्ली
हिमाचल सदन, नई दिल्ली
हिमाचल भवन, चंडीगढ़
विली पार्क सर्किट हाउस, शिमला

बुकिंग और भुगतान के नियम
इन सरकारी आवासों में कमरों का आरक्षण आधिकारिक पोर्टल himatithi.nic.in के माध्यम से किया जाएगा। बुकिंग विंडो ठहरने की निर्धारित तारीख से 3 दिन पहले खुलेगी।भुगतान का माध्यम नेट बैंकिंग, यूपीआई (UPI), क्यूआर कोड, डेबिट या क्रेडिट कार्ड से होगा। अग्रिम रूप से पूरी राशि जमा होने पर ही बुकिंग कन्फर्म होगी।30 फीसदी कमरों की बुकिंग दोपहर 12 बजे और शेष कमरों की बुकिंग शाम 5 बजे कन्फर्म होगी।

कैंसिलेशन और रिफंड पॉलिसी 24 घंटे पहले रद्द करने पर रहेगी। चेक-इन के समय (दोपहर 12 बजे) से 24 घंटे पहले बुकिंग रद्द कराने पर 10% राशि काटकर शेष रिफंड कर दी जाएगी।
24 घंटे के भीतर रद्द करने पर: चेक-इन समय से 24 घंटे के भीतर बुकिंग रद्द करने पर पूरा किराया जब्त कर लिया जाएगा।
विभाग द्वारा रद्द किए जाने पर; यदि सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से बुकिंग रद्द की जाती है, तो आवेदक को 100% राशि वापस की जाएगी।
विवाद के बाद दोबारा लागू हुई व्यवस्था
गौरतलब है कि इसी साल अप्रैल महीने में भी इन सरकारी आवासों को आम जनता के लिए खोलने और किराए में बढ़ोतरी को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते सरकार को अपना फैसला वापस लेना पड़ा था। अब सरकार ने पुरानी कमियों को दूर करते हुए चुनिंदा कमरों के लिए ₹3,000 प्रति रात के किराए और नई शर्तों के साथ यह ऑनलाइन व्यवस्था लागू की है।
पंकज शर्मा
