-
Advertisement
हिमाचल में ड्रोन से हुई डाक की सफल डिलीवरी, देश का पहला ऐसा पोस्ट ऑफिस बना मंडी
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों में अब डाक और पार्सल पहुंचाना बेहद आसान और तेज होने वाला है। भारतीय डाक विभाग ने मंडी में ड्रोन के जरिए घर-घर डाक पहुंचाने का सफल ट्रायल कर एक नई क्रांति की शुरुआत की है। इस अभिनव कदम के साथ ही, मंडी डाकघर देश का पहला ऐसा पोस्ट ऑफिस बन गया है, जिसने पायलट आधार पर ड्रोन डिलीवरी का सफल परीक्षण किया है।
9 से 10 मिनट में तय की 12 किलोमीटर दूरी
यह ट्रायल मंडी प्रधान डाकघर से रेहड़ार शाखा तक किया गया। ड्रोन ने 12 किलोमीटर के चुनौतीपूर्ण पहाड़ी मार्ग को महज 9 से 10 मिनट में तय कर लिया। जिस दुर्गम रास्ते पर पैदल चलकर डाक पहुंचाने में पूरा दिन लग जाता था, वहां अब मिनटों में काम पूरा हो रहा है। भारतीय डाक विभाग ने यह पायलट प्रोजेक्ट ‘स्काई एयर’ (Skye Air) के सहयोग से शुरू किया है।
अधिकारियों का पक्ष
डाकपाल नेहा सांख्यायन ने कहा बदलते समय के साथ तकनीक को अपनाना आवश्यक है। यह ड्रोन आधारित सेवा आने वाले वर्षों में वितरण व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी और दूरदराज के क्षेत्रों में पार्सल कहीं अधिक तेजी से पहुंचेंगे। डिप्टी सुपरिंटेंडेंट संजय कुमारके अनुसार चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद ड्रोन का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। इसके उत्साहजनक नतीजे भविष्य की डाक सेवाओं के लिए नए रास्ते खोलेंगे।
डिजिटल इंडिया की दिशा में बड़ा कदम
हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों के लिए यह तकनीक एक वरदान साबित हो सकती है। डिजिटल इंडिया और स्मार्ट लॉजिस्टिक्स की दिशा में यह पहल न केवल समय की बचत करेगी, बल्कि डाक वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाएगी। मंडी से शुरू हुआ यह सफल प्रयोग भविष्य में देशभर की स्मार्ट डाक सेवाओं के लिए एक बेहतरीन मॉडल बन सकता है।
संजीव कुमार

