-
Advertisement
हिमाचल सुबह और शाम के तापमान में गिरावट, 2 नवंबर तक साफ रहेगा मौसम
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से मौसम सुहावना बना हुआ है। दिन के समय प्रदेशभर में अच्छी धूप खिल रही है, जबकि सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर बढ़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि आगामी 2 नवंबर तक हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और किसी भी तरह का पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल सक्रिय नहीं होगा।आने वाले दिनों में प्रदेश के निचले इलाकों में सुबह और शाम के समय हल्का कोहरा देखने को मिलेगा।
हवा प्रदूषण रहित और सामान्य
वहीं मैदानी राज्यों में दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर बढ़ने से हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है, लेकिन हिमाचल प्रदेश में मौसम पूरी तरह से साफ है। यहां की हवा प्रदूषण रहित और सामान्य बनी हुई है, जिसके चलते बड़ी संख्या में पर्यटक साफ और सुकून भरे मौसम का आनंद लेने हिमाचल के पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं।
बर्फबारी का आनंद लेने के लिए करें इंतजार
संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया है। प्रदेश में विंटर सीजन आमतौर पर 15 नवंबर के बाद से शुरू हो जाता है, क्योंकि इसी अवधि में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने लगती है। वहीं राजधानी शिमला में बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पर्यटकों को दिसंबर के तीसरे हफ्ते या जनवरी के महीने तक का इंतजार करना होगा। प्रदेश के सभी इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है और किसी भी स्टेशन पर वर्षा या बर्फबारी दर्ज नहीं की गई है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

