-
Advertisement
Question Hour : विधानसभा में आपके विधायकों ने क्या सवाल पूछे और सरकार ने क्या जवाब दिए, पढ़ें
शिमला। हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र (Budget Session) का प्रश्नकाल आज शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ। प्रश्नकाल (Question Hour) में पहला सवाल किन्नौर के विधायक जगत नेगी ने सीएम जयराम ठाकुर से पूछा। इसमें जगत नेगी (Jagat Negi) ने प्रदेश के घाटे में चल रहे निगमों और बोर्डों का ब्यौरा मांगा। इसके साथ ही यह भी पूछा कि 31 जुलाई, 2020 तक इनके चेयरमैन पर कितनी रकम खर्च की गई है। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jairam Thakur) की अनुपस्थिति में जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर (Mahender Singh Thakur ) ने जवाब में बताया कि प्रदेश में 11 निगम व 01 बोर्ड घाटे में चल रहे हैं। हिमाचल पर्यटन निगम 5032.61 लाख, ऊर्जा निगम 36199 लाख, एससी एसटी निगम 2623.79,अल्पसंख्यक विकास निगम 619.14, एचपीएमसी 8509.59, ,वन विकास निगम 11042.24, एचआरटीसी 153370.47, वित्तीय निगम 15348.29, एग्रो इंडस्ट्री निगम 936.12, ऊर्जा संचार निगम 10836.88, हस्तशिल्प निगम 1343.36 व राज्य विद्युत बोर्ड 152059.37 लाख के घाटे में चल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: गृह मंत्री Amit Shah से मिले सीएम जयराम ठाकुर, विभिन्न मुद्दों के बारे में की चर्चा
विधायक राजेश ठाकुर का सवाल
गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर (MLA Rajesh Thakur) ने पीडब्ल्यूडी मंत्री से नाबार्ड से स्वीकृत सड़कों का ब्यौरा मांगा। आपको बता दें कि लोक निर्माण विभाग भी सीएम जयराम ठाकुर के पास है, लेकिन जयराम दिल्ली में होने के चलते आज सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं हुए। इसलिए जवाब में जलशक्ति और राजस्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि 4 पुलों के निर्माण पर 3,38,85,290 करोड़ खर्च हुए हैं।
नरेंद्र ठाकुर उठाया सिटी स्कैन का मुद्दा
हमीरपुर के विधायक नरेंद्र ठाकुर (MLA Narinder Thakur) ने पूछा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे, सिटी स्कैन काम नहीं कर रहे। सरकार क्या इनको बदलने का विचार रखती है। इसी में अनुपूरक सवाल में आशा कुमारी, सुखविंदर सिंह सुक्खू व इंद्र दत्त लखनपाल ने पूछा कि इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निज़ी संस्थानों में मरीजों को एक्स-रे सिटी स्कैन महंगे दामों पर करवाने पड़ते हैं। इसके जवाब में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सहजल ने बताया की जल्द ही खराब पड़ी मशीनों को ठीक करवाया जाएगा।
मुल्क राज प्रेमी और बलवीर सिंह के सवाल
बैजनाथ के विधायक मुल्क राज प्रेमी (MLA Mulkh Raj Premi) ने बैजनाथ के वृत को जोगिंद्रनगर करने का मामला उठाया और पूछा कि जिला के बाहर भी ठेकेदार टेंडर प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। सवाल के जबाब में बताया कि अब सी क्लास के ठेकेदार पूरे प्रदेश में जबकि डी क्लास ठेकेदार अपने जोन में काम कर सकते हैं। अगला प्रश्न चिंतपूर्णी के विधायक बलवीर सिंह ने पूछा कि अंब स्कूल के मैदान में इंडोर स्टेडियम बनाने का निर्णय लिया था। खेल मंत्री की गैरमौजूदगी में राजिंदर गर्ग में बताया कि इंडोर स्टेडियम 3,17,33,00 प्राक्कलन प्राप्त हुआ था। इसे लौटा दिया गया है, क्योंकि एस्टीमेट डेढ़ गुना अधिक बनाया गया।
यह भी पढ़े गृह मंत्री Amit Shah से मिले सीएम जयराम ठाकुर, विभिन्न मुद्दों के बारे में की चर्चा
राम लाल ठाकुर ने पूछा पीएचसी कब बनेगी
नैना देवी के विधायक राम लाल ठाकुर (MLA Ramlal Thakur) ने राजपुरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण का मामला उठाया। इसके जवाब में स्वास्थ्य मंत्री राजीव सहजल ने बताया कि 16 मार्च 2005 को राजपुरा स्वास्थ्य केंद्र के लिए 40,12,500 की स्वीकृति की गई। अब तक 62.61 लाख धनराशि लोक निर्माण में जमा करवाई गई है। एफसी अनुमति के आने के बाद ये काम पूरा कर लिया जाएगा। एक माह में इसका कार्य पूर्ण किया जाएगा।
वीरभद्र सिंह के लिए जगत नेगी ने पूछा सवाल
जयसिंहपुर के विधायक रविंद्र कुमार ने लोक निर्माण मंत्री से कैलाशपुर पंचायत से गुजरने वाली बिनवा खड्ड में लंबित पड़े पुल के निर्माण कार्य का मामला उठाया और पूछा कि इसका कार्य कब तक पूर्ण किया जाएगा। सीएम की गैरमौजूदगी में महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया इस पंचायत में पुल का काम 31 मार्च 2017 तक पूर्ण कर लिया गया है, लेकिन दोनों तरफ से इसको सड़क से जोड़ना बाकी है। पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह (Virbhadra Singh) की अनुपस्थिति में जगत नेगी ने पूछा कि कुनिहार को औद्योगिक क्षेत्र घोषित किया जाएगा। धानीराम शांडिल ने भी सवाल में अपने आप को शामिल करते हुए ममलीग औद्योगिक क्षेत्र को आगे बढ़ाने की पैरवी की। इसके जवाब में उद्योग मंत्री ने बताया कि 2004 में इस क्षेत्र को औद्योगिक क्षेत्र घोषित किया गया था, लेकिन विभिन्न खामियों के चलते कुनिहार औद्योगिक क्षेत्र नहीं बन पाया। ममलीग औधोगिक क्षेत्र भी आगे नहीं बढ़ आया। यदि कोई उद्योगपति आते हैं तो उनका स्वागत है।
गृह रक्षकों पर पवन नैय्यर ने उठाया प्रश्न
चंबा के विधायक पवन नैय्यर ने गृह विभाग से पूछा कि जिला में कितने गृह रक्षक तैनात हैं। चंबा कॉलेज में कितनी महिलाएं व पुरुष गृह रक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा अधिकृत महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि चंबा में गृह रक्षा आठवीं वाहिनी में 571 गृह रक्षक अभ्यविष्ट है। इनमें से 410 गृह रक्षक चंबा से बाहर सेवाएं दे रहे हैं। चंबा मेडिकल कॉलेज में 16 गृह रक्षक तैनात है।
नालागढ़ अस्पताल की घोषणा का क्या हुआ
नालागढ़ के विधायक लखविंदर राणा ने नालागढ़ में ट्रामा सेंटर बनाने के कार्य का मामला उठाया और कहा कि इस क्षेत्र में हादसे होते हैं, जिनको पीजीएआई रैफर किया जाता है। नालागढ़ में 100 बिस्तर का अस्पताल बनाने की घोषणा नड्डा ने की थी उसका क्या हुआ। इसके जवाब में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सहजल ने बताया कि नालागढ़ में ट्रामा सेंटर खोलने का मामला विचाराधीन है। जबकि नालागढ़ के मुख्य अस्पताल में 100 बैड का मामला भी विचारधीन है। नालागढ़ में 81 में से 75 पद भरे हुए हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group