- Advertisement -
शिमला। हिमाचल (Himachal) में पिछले कुछ दिनों में मौसम विज्ञान केंद्र शिमला (Meteorological Center Shimla) की बारिश और बर्फबारी का अनुमान तो सही साबित नहीं हो रहा, लेकिन गर्मी ने जरूर रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। फरवरी महीने में ही गर्मी से लोगों को पसीने छूटने शुरू हो चुके हैं। नाहन में फरवरी महीने में गर्मी ने 41 साल तो मंडी जिला के सुंदरनगर (Sundernagar) में 11 साल पुराना रिकॉर्ड (Record) ध्वस्त कर दिया है। यही नहीं, एक जिला में तापमान (Temperature) 30 के पार चला गया है, जबकि दो जिलों में तापमान 30 जा पहुंचा है।
इसके अलावा ऊना और कांगड़ा (Una and Kangra) जिला में गर्मी ने चार साल का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है। कांगड़ा में चार साल बाद फरवरी (February) महीने में इतनी गर्मी पड़ी है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में सामान्य से 7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इससे पहले साल 2017 में 19 फरवरी को ऊना का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री दर्ज हुआ था। इसके अलावा कांगड़ा के अधिकतम तापमान भी में हल्की बढ़ोतरी देखी गई है। कांगड़ा जिला में आज तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। कांगड़ा में 19 फरवरी 2017 को अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
इसके अलावा नाहन में अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आपको बता दें कि इससे पहले 27 फरवरी 1980 में नाहन में अधिकतम पारा 28.8 डिग्री रहा था। इस तरह 1981 से 2020 तक फरवरी में नाहन का अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री से कम ही रहा था। मंडी जिला के सुंदरनगर में भी अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 28 फरवरी, 2009 को सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस था। केलांग में न्यूनतम पारा अभी भी माइनस में दर्ज किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ दिन से दिन में काफी तेज धूप खिल रही है. आलम यह है कि सर्दी अभी गई नहीं है, लेकिन गर्मी का एहसास होने लगा है. मैदानी इलाकों में गर्मी का एहसास होने लगा है. वहीं, सूबे में बारिश-बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 27 फरवरी मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की बात कही है। इसके बाद 28 फरवरी से चार मार्च मौसम शुष्क बना रहेगा।
- Advertisement -