-
Advertisement
HPBOSE: 10वीं-12वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा की ‘आंसर-की’ जारी,किसी जवाब पर डाउट है तो 17 तक करें आपत्ति
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने 10वीं और 12वीं कक्षा की जुलाई-2026 में आयोजित अनुपूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षाओं की अस्थायी उत्तर कुंजी (Provisional Answer Key) जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल हुए छात्र अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर बहुविकल्पीय प्रश्नों (MCQ) के सही जवाब चेक कर सकते हैं। बोर्ड ने छात्रों को यह सुविधा भी दी है कि यदि उन्हें किसी प्रश्न के उत्तर पर संदेह है, तो वे तय समय सीमा के भीतर प्रमाण के साथ अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जारी की गई अस्थायी उत्तर कुंजी को लेकर यदि किसी अभ्यर्थी को कोई शिकायत या आपत्ति है, तो वह 17 अगस्त, 2026 की शाम 5:00 बजे तक अपनी बात बोर्ड के सामने रख सकता है। छात्रों की सुविधा के लिए आपत्तियां ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से स्वीकार की जाएंगी। अभ्यर्थी अपनी शिकायत ई-मेल आईडी [email protected] पर भेज सकते हैं या फिर डाक व व्यक्तिगत रूप से बोर्ड कार्यालय की ‘प्रश्न-पत्र निर्धारण शाखा’ में जमा करवा सकते हैं। हालांकि, बोर्ड ने सख्त निर्देश दिए हैं कि आपत्ति के साथ संबंधित प्रश्न-उत्तर का स्पष्ट विवरण और उसके समर्थन में प्रामाणिक तथ्य या दस्तावेज लगाना अनिवार्य होगा। बिना ठोस सबूत के किसी भी शिकायत पर विचार नहीं किया जाएगा।
आगे की प्रक्रिया पर बात करते हुए डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि छात्रों द्वारा प्राप्त सभी आपत्तियों की जांच विषय विशेषज्ञों की एक विशेष समिति करेगी। समिति तथ्यों और प्रमाणों की गहन समीक्षा करने के बाद अपनी अनुशंसा देगी, जिसके आधार पर ‘फाइनल आंसर-की’ (Final Answer Key) तैयार की जाएगी। इसी अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर सप्लीमेंट्री परीक्षा का फाइनल रिजल्ट बनेगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने यह भी साफ किया कि यदि 17 अगस्त की तय सीमा तक कोई आपत्ति प्राप्त नहीं होती है, तो वर्तमान में जारी अस्थायी उत्तर कुंजी को ही अंतिम मान लिया जाएगा। बोर्ड प्रशासन ने परीक्षा प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने का दावा करते हुए विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वे समय सीमा का विशेष ध्यान रखें और अपने हितों की रक्षा के लिए प्रमाणिक तथ्यों के साथ ही आगे आएं।
अमित महाजन
