-
Advertisement
HPBOSE: TET नवंबर-2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, 3 अक्टूबर रहेगी लास्ट डेट
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई हैं। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE), धर्मशाला ने नवंबर-2026 में होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का बिगुल फूंक दिया है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आज से आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक अभ्यर्थी 3 अक्टूबर (रात 11:59 बजे) तक बिना किसी विलंब शुल्क के अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
अंतिम समय का न करें इंतजार: डॉ. शर्मा
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की भीड़ से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर की समय-सीमा बीत जाने के बाद, 4 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक अभ्यर्थियों को 600 रुपये के विलंब शुल्क के साथ आवेदन करना होगा। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग (PHH को छोड़कर) के लिए फीस 1,200 रुपये तय की गई है, जबकि OBC, SC, ST और दिव्यांग (Physically Handicapped) अभ्यर्थियों को 700 रुपये शुल्क चुकाना होगा।
त्रुटि सुधार के लिए मिलेंगे दो अलग-अलग मौके
अक्सर फॉर्म भरते समय होने वाली गलतियों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने सुधार (Correction window) का प्रावधान भी किया है। ऑनलाइन भरे गए विवरणों में 9 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक ऑनलाइन ही सुधार किया जा सकेगा। हालांकि, बोर्ड ने एक कड़ा नियम भी बनाया है। यदि कोई अभ्यर्थी अपनी श्रेणी (Category) या उप-श्रेणी में बदलाव करना चाहता है, तो उसे 15 अक्टूबर 2026 को व्यक्तिगत रूप से धर्मशाला स्थित बोर्ड कार्यालय में उपस्थित होकर आवेदन करना होगा। निर्धारित तिथियों के बाद किसी भी तरह के संशोधन पर विचार नहीं किया जाएगा।
22 नवंबर से शुरू होगा परीक्षाओं का मैराथन
बोर्ड द्वारा जारी विस्तृत शेड्यूल के अनुसार, ये पात्रता परीक्षाएं 22 नवंबर से शुरू होकर 6 दिसंबर तक चलेंगी। सभी परीक्षाएं ढाई घंटे की होंगी, जिन्हें सुबह 10:00 से 12:30 और दोपहर 2:00 से शाम 4:30 बजे की दो पालियों में बांटा गया है:
22 नवंबर: सुबह की पाली में TGT (Arts) और शाम की पाली में JBT TET की परीक्षा होगी।
29 नवंबर: सुबह TGT (Non-Medical) तथा स्पेशल एजुकेटर (कक्षा 6 से 12) की परीक्षा होगी। वहीं, शाम की पाली में TGT (संस्कृत) और स्पेशल एजुकेटर (प्री-प्राइमरी से कक्षा 5) के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
6 दिसंबर: अंतिम दिन सुबह की पाली में TGT (Medical), पंजाबी और उर्दू TET की परीक्षाएं एक साथ आयोजित होंगी, जबकि शाम की पाली TGT (Hindi) TET के लिए आरक्षित रहेगी।
चार दिन पहले जारी होंगे एडमिट कार्ड
डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि से ठीक चार दिन पहले एडमिट कार्ड ऑनलाइन उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। आवेदन से जुड़ी किसी भी तकनीकी समस्या या अतिरिक्त जानकारी के लिए अभ्यर्थी शिक्षा बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 01892-242192 पर संपर्क कर सकते हैं।
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
