-
Advertisement
रामपुर में HRTC बस हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी सवारियों से भरी बस, 1 यात्री की मौ#त,कई घायल
Himachal Accident: शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। इस हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में दो यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, HRTC की यह बस ‘सनेई’ से ‘रामपुर’ की ओर आ रही थी। शुक्रवार सुबह जब बस रामपुर के समीप राय नामक स्थान पर पहुँची, तोअनियंत्रित होकर सड़क से नीचे की ओर लुढ़क गई। दुर्घटना के समय बस में ड्राइवर-कंडक्टर समेत 20 यात्री सवार थे।

मची अफ़रा-तफ़री, गोशाला से टकराकर रुकी बस
बस के अचानक पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर भारी अफ़रा-तफ़री फैल गई। गनीमत यह रही कि सड़क से नीचे गिरते समय बस वहाँ बनी एक गोशाला के पास जाकर अटक गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस गोशाला से न टकराती और उससे नीचे गहरी खाई में गिर जाती, तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की आवाज़ सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय निवासियों ने बिना समय गँवाए तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने बस में फँसे यात्रियों को बाहर निकाला और अपने निजी वाहनों के माध्यम से घायलों को इलाज के लिए रामपुर स्थित खनेरी अस्पताल पहुँचाया।

अस्पताल में चल रहा इलाज, पुलिस जाँच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुँच गई। रामपुर के खनेरी अस्पताल में घायलों का प्राथमिक उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों के सिर में गहरी चोटें आई हैं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जाँच की जा रही है।
अनु गुप्ता
