-
Advertisement
हिमाचल में सवारियों से भरी HRTC बस पलटी, मौके पर मची चीख-पुकार
HRTC Bus Accident : हिमाचल के मंडी जिले के सरकाघाट में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। निली रूट पर चलने वाली एचआरटीसी की बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। हादसे में बस चालक सहित 15 से 18 यात्री घायल हुए हैं। एचआरटीसी की यह बस सरकाघाट की ओर जा रही थी जब ये हवाणी गांव के पास पहुंची, तो चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क से नीचे लुढ़क गई। गनीमत यह रही कि बस एक खेत में जाकर रुक गई, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया
हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को बस से निकालकर निजी वाहनों के माध्यम से तुरंत नागरिक अस्पताल सरकाघाट पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें लगी हैं। राहत की बात यह है कि अधिकांश यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-रमेश शर्मा
