-
Advertisement
कांगड़ा पहुंची अंतर-मंत्रालय केंद्रीय टीम, हिमाचल में मानसून से हुए ₹3200 करोड़ के नुकसान का लेगी जायजा
Himachal News: हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन के दौरान हुई भारी बारिश, विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का धरातलीय आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की छह सदस्यीय अंतर-मंत्रालय केंद्रीय टीम सोमवार को कांगड़ा पहुंची। गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एम रामचंद्रुडु के नेतृत्व में पहुंची यह टीम दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान की जमीनी हकीकत का जायजा लेगी।
उच्चस्तरीय टीम में ये अधिकारी हैं शामिल
संयुक्त सचिव एम रामचंद्रुडु की अगुवाई वाली इस टीम में केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी और वैज्ञानिक शामिल हैं:
जलशक्ति मंत्रालय: निदेशक प्रकाश चंद
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग: निदेशक डॉ. सुभाष चंद्र
ग्रामीण विकास मंत्रालय: निदेशक रामवतार मीणा
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय: कार्यकारी अभियंता शाश्वत महापात्रा
वित्त मंत्रालय: उप निदेशक कनव दुआ
इसरो (ISRO): वैज्ञानिक डॉ. शशिवर्धन रेड्डी
गगल एयरपोर्ट पर स्वागत, अधिकारियों के साथ हुई बैठक
गगल हवाई अड्डे पर पहुंचने पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा की अगुवाई में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने केंद्रीय टीम का स्वागत किया। इसके तुरंत बाद टीम ने जिला अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रशासन ने टीम को प्रदेश और जिले में मानसून से हुई क्षति का विस्तृत ब्यौरा सौंपा। आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में प्रदेश को 3,200 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान उठाना पड़ा है।बैठक के दौरान अधिकारियों ने आपदा के बाद चलाए जा रहे राहत, पुनर्स्थापना और पुनर्वास कार्यों की प्रगति की जानकारी भी साझा की। इस मौके पर एसडीएम कांगड़ा अंजली गर्ग समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
चंबा के भटियात के लिए रवाना
समीक्षा बैठक संपन्न होने के बाद केंद्रीय टीम चंबा जिले के भटियात क्षेत्र के लिए रवाना हो गई। अपने दौरे के दौरान टीम सड़कों, पेयजल योजनाओं, कृषि, बागवानी और ग्रामीण विकास ढांचे को पहुंचे नुकसान का मौके पर जाकर निरीक्षण करेगी। इसके अतिरिक्त, टीम विभिन्न विभागों द्वारा तैयार की गई क्षति रिपोर्ट की समीक्षा करेगी और जिला प्रशासन के साथ आपदा प्रबंधन व भविष्य के पुनर्वास उपायों पर विस्तृत चर्चा करेगी।
रविंद्र चौधरी
