- Advertisement -
शिमला। यूक्रेन में फंसे भारतीयों की इस दशा के लिए केंद्र सरकार दोषी है। अगर केंद्र सरकार ने समय रहते कदम उठाए होते तो आज सभी भारतीय अपने वतन पहुंच गए होते। यह आरोप हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर (Kuldeep Singh Rathore) ने लगाए हैं। कुलदीप राठौर ने केंद्र व राज्य सरकार से यूक्रेन में फंसे हिमाचली विद्यार्थियों को जल्द से जल्द सकुशल घर वापसी की मांग की है।
शिमला में आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि युद्ध के कारण यूक्रेन में आए दिन हालात खराब हो रहे हैं और वहां अध्यनरत भारतीय छात्र अपनी सुरक्षित वतन वापसी के प्रति चिंतिंत हैं। राठौर ने कहा कि विश्व के कई देशों ने युद्ध की आशंका को देखते हुए यूक्रेन (Ukraine) में पढ़ रहे अपने छात्रों की वतन वापसी के लिए समय रहते कदम उठाये, लेकिन उस समय भारत सरकार ने इस पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि अगर भारत सरकार (Indian Govt) भी अन्य देशों की तरह समय रहते उचित कदम उठाती, तो आज यूक्रेन में पढ़ रहे विद्यार्थियों को इन परेशानियों का सामना नहीं करना पढ़ता।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को यूक्रेन के कीव में फंसे हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के छात्रों से वीडियो कॉल के माध्यम से जमीनी हकीकत की जानकारी ली। वीडियो काल पर कीव से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के छात्र विनायक व अन्य छह विद्यार्थियों जिनमें तीन लड़कियां भी हैं, ने कहा कि हम अपने रिस्क पर कीव से बाहर निकल रहे हैं। भारतीय दुतावास ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ दिया है कि हम केवल आपको रेलवे स्टेशन तक पंहुचा सकते हैं। कुलदीप सिंह राठौर ने जब इन विद्यार्थियों से पूछा कि आपको किस प्रकार की मदद की जरूरत है तो इन विद्यार्थियों ने हताश होते हुए सरकार की व्यवस्था के प्रति अपनी नारजगी प्रकट करते हुए कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है। इन छात्रों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के समक्ष गुहार लगाते हुए कहा कि यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की सकुशल वतन वापसी के लिए केंद्र व हिमाचल सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाई जाए।
कुलदीप सिंह राठौर ने रूस-यूक्रेन के युद्ध (Russia-Ukraine War) के बाद बन रहे हालातों पर चिंता व्यक्त करते हुए यूक्रेन में फंसे सभी विद्यार्थियों की सुरक्षित वतन वापसी के लिए हर संभव कदम उठाने का भरोसा दिलाया और कहा कि वे स्वयं उनकी आवाज को सरकार के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने राज्य सरकार से निवेदन किया है की यूक्रेन मे फंसे हिमाचल के छात्रों की सकुशल घर वापसी सुनिशित की जाए।
- Advertisement -